Shahjahanpur News: टीसी को किया अनिवार्य सेवानिवृत्त
रेलवे स्टेशन के सहयोग केंद्र पर नशे की हालत में सो गए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन के सहयोग केंद्र का दरवाजा बंद करके सो जाने वाले टीसी को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई है। टीसी विनीत सेन ड्यूटी के दौरान नशे में थे। उनके पास अब अपील करने का विकल्प है।
करीब एक माह पहले टीसी विनीत सेन रेलवे स्टेशन के सहयोग केंद्र पर नशे की हालत में दरवाजा बंद करके सो गए थे। काफी देर तक रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आने-जाने की कोई घोषणा न होने पर यात्री परेशान हो गए। कुछ यात्री जब सहयोग केंद्र पर पहुंचे, तो देखा कि टीसी जमीन पर लेटे हुए थे। काफी देर तक यात्री उनको आवाज लगाकर उठाने का प्रयास करते रहे।
जब टीसी नहीं उठा, तो यात्रियों ने टिकट संग्रहक कार्यालय में जाकर ट्रेनों के आवागमन की घोषणा न होने की शिकायत की। इसके बाद सीएमआई एसके ठाकुर आरपीएफ और जीआरपी को लेकर पहुंचे और किसी तरह दरवाजा खुलवाया। टीसी विनीत सेन नशे में मिले। उसे रेलवे अस्पताल भेजकर खून का नमूना लिया गया। इसकी रिपोर्ट मंडल कार्यालय भेजी गई।
जांच में टीसी के दोषी पाए जाने पर अनिवार्य सेवानिवृत्ति प्रदान कर दी गई। वाणिज्य मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने बताया कि टीसी के नशे में मिलने की विभागीय स्तर से जांच की गई थी। इसमें दोषी पाए जाने पर टीसी विनीत सेन को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी गई है। साथ ही 45 दिन में जवाब मांगा है।