Shahjahanpur News: तीन दिन से बारिश… जनजीवन हुआ प्रभावित

जलालाबाद के गांव काजरबोझी में गिरी प्रदीप के कच्चे मकान की दीवार।संवाद
शहर में जलभराव और कीचड़ से दिक्कत, कजरबोझी गांव में कच्चे मकानों की दीवारें गिरीं
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर-जलालाबाद। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। महानगर क्षेत्र में जहां सड़कों पर जलभराव और गली-मोहल्लों में कीचड़ से लोग परेशान हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों और बाढ़ग्रस्त इलाकों का बुरा हाल है। इसी के चलते जलालाबाद के खंडहर क्षेत्र में कजरबोझी गांव में कई लोगों के कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं। जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए।
गांव टापर, शेरपुर, शाहपुर, हथिनापुर, थाथरमाई, उइला, कुंडरा, मड़ैया, कोणायाकूबपुर आदि गांवों में पहले बाढ़ में मूंगफली, उर्द और तिल की फसलें जलमग्न रहने से किसानों को काफी नुकसान हुआ। अब तीन दिनों से जारी बारिश से फसलों पर प्रभाव पड़ा है। ईशपाल, द्वारिका, रघुवीर, राधे, दयाशंकर आदि ग्रामीणों ने बताया कि ज्यादातर धान की फसल फूल चुकी है, उसके लिए अब बारिश नुकसानदेह साबित हो रही है।
इसके अलावा बारिश से विभिन्न गांवों में कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। गांव काजरबोझी में नन्हे व प्रदीप के कच्चे मकानों की दीवारें गिर जाने से यहां रह रहे गंगासहाय, सत्यपाल, महेश और लालाराम के परिवारों का बुरा हाल है।
–
बिजली आपूर्ति भी प्रभावित
लगातार जारी बारिश से खंडहर क्षेत्र के गांवों में बिजली आपूर्ति का भी बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार फाॅल्ट के चलते पिछले तीन दिनों से सप्लाई ठप है। शनिवार रात सप्लाई दी गई, लेकिन काफी लो वोल्टेज रही। ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में बिजली न मिलने से लोग काफी परेशान हैं। मोबाइल चार्जिंग के लिए भी जनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है।
गन्ना और धान की फसल गिरी
पुवायां। तीन दिन से हो रही बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं ने किसान को परेशान कर दिया है। धान और गन्ने की फसल गिर जाने से नुकसान की आशंका है।
आठ सितंबर को काफी तेज बारिश हुई थी। जिस कारण खेतों में पानी भर गया। नौ और दस सितंबर को भी मौसम खराब रहा। हल्की बारिश के साथ ही तेज हवाएं भी चलती रहीं। बारिश के चलते जमीन नम हो गई। बाद में हवाओं के कारण धान और गन्ने की फसल खेतों में गिर गई। गन्ना गिर जाने से चूहों के गन्ने को नुकसान पहुंचाने की आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा गन्ना टेढ़ा हो जाने से छिलाई में भी समस्या आएगी।
इधर, कई जगह धान भी गिर गया है। किसानों रामनरेश, विपिन कुमार, रामऔतार, राजेंद्र आदि ने बताया कि पका धान पानी में पड़ा रहने पर जम सकता है, इससे नुकसान होगा। किसानों ने बताया कि गन्ने को उठाकर बांधने में श्रमिकों पर काफी खर्च करना पड़ेगा। उधर कई किसान धान कटवाकर बिक्री करने के बाद आलू के लिए खेत तैयार कर रहे थे। पानी भर जाने से खेत कई दिन तक सूख नहीं सकेंगे, जिससे आलू की बुआई पिछड़ सकती है। संवाद
–
40 घंटों में हुई 120 मिमी से अधिक बारिश
शाहजहांपुर। पिछले 40 घंटों में 100 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है। रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे बारिश शुरू हुई, जोकि दोपहर तक जारी रही। शाम को सूर्य के कुछ देर दर्शन हुए पर बाद में वह भी बादलों की ओट में छुप गए।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार को दिन में 20 मिलीमीटर बारिश हुई थी। जबकि शनिवार को दिन में 24.4 एमएम बारिश हुई। पिछले 40 घंटों में 100 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है। शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को पारा और नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी बादल छाए रहने ओर बारिश होने की संभावना है। 13 सितंबर तक लगातार बारिश होने का अनुमान है। संवाद

जलालाबाद के गांव काजरबोझी में गिरी प्रदीप के कच्चे मकान की दीवार।संवाद

जलालाबाद के गांव काजरबोझी में गिरी प्रदीप के कच्चे मकान की दीवार।संवाद