Shahjahanpur News: खिरनीबाग में रामजन्म की लीला का मंचन
शाहजहांपुर। खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर चल रही नगर की श्री रामलीला में शनिवार को नवचेतना कला परिषद के कलाकारों ने मनु शतरूपा तप, रावण जन्म, नारद मोह, राम जन्म व बाल लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया। रामजन्म के दौरान कलाकारों ने मंगलगीत गाए। इस बीच जय श्री राम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। दूसरे दिन की लीला मंचन के बाद देवरूपों की आरती उतारी गई। इस मौके पर नरेंद्र गुरु, नीरज वाजपेयी, अनूप गुप्ता, दीपक शर्मा, आदि मौजूद रहे।
आज से शुरू होगी ओसीएफ की रामलीला, तैयारियां पूरी : ओसीएफ में श्रीरामलीला एवं प्रदर्शनी को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। 15 अक्तूबर रविवार को गणेश शोभायात्रा के साथ श्रीरामलीला व प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। इसके साथ ही मंचन की शुरुआत भी हो जाएगी। पहले दिन श्री गणेश पूजन, भारद्वाज-याज्ञवलक्य संवाद, सती द्वारा श्री राम परीक्षा, दक्ष यज्ञ विध्वंस, कामदेव नाश, पार्वती-तप, सप्त ऋषियों द्वारा सती परीक्षा तथा शिव विवाह, तारकासुर वध की लीलाओं का मंचन किया जाएगा। आर्डनेंस ड्रामेटिक क्लब समिति के कलाकार रोजाना शाम साढ़े सात से साढ़े दस बजे तक रामलीला का मंचन करेंगे।