Shahjahanpur News: कचहरी से भागा दुष्कर्म का दोषी हरदोई से गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 29 Oct 2023 12:10 AM IST
शाहजहांपुर। कोर्ट में पेशी पर आया दुष्कर्म का दोषी शुक्रवार को कचहरी से भाग गया। आरोपी की तलाश में एसओजी समेत थाना रोजा की दो टीमें लगाई गईं थीं। पुलिस ने उसे शनिवार को हरदोई से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
रोजा क्षेत्र की चर्च कॉलोनी निवासी सुधांशु पर 2019 में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे पकड़कर जेल भेज दिया था। वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया था। इस बीच तारीखों पर वह न्यायालय में पेशी पर नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने उसके मकान के दरवाजे पर समन चस्पा किया था। शुक्रवार को वह तारीख पर न्यायालय आया। एडीजे-42 कोर्ट में उसे दोषी सिद्ध किया गया था। इसके बाद पुलिस के हिरासत में लेने से पहले सुधांशु चकमा देकर भाग गया। इससे पुलिस विभाग में खलबली मच गई। आनन-फानन उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत रोजा थाना पुलिस टीम को लगाया गया था। शनिवार को पुलिस और एसओजी की टीम ने उसे हरदोई से गिरफ्तार कर लिया। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।

