शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: चूहे ने उड़ाई पांच हजार घरों की बिजली

Connect News 24

Rats cut off electricity from five thousand houses

शाहजहांपुर में निगोही रोड उपकेंद्र पर ट्रॉली को सही करते कर्मचारी। स्रोत-स्वयं

शाहजहांपुर। शहर के पांच हजार उपभोक्ताओं की बिजली बुधवार रात एक चूहे ने गुल कर दी। निगोही रोड स्थित बिजली उप केंद्र में चूहा घुसने से इनकमिंग ट्रॉली में धमाका हो गया। इस वजह से निसरजई, पंचपीर और रामनगर फीडर में फॉल्ट आ गया। लोग अंधेरे में करवटें बदलते रहे। पांच घंटे बाद आपूर्ति सुचारु होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

रात करीब दस बजे एक चूहा इनकमिंग ट्रॉली में घुस गया। तकनीकी दिक्कत के चलते ट्रॉली में धमाका हो गया। ट्रॉली दो हिस्सों में बंट गई। धमाके से तीन फीडरों की आपूर्ति बाधित हो गई। इस दौरान रामनगर, निसरजई, जलालनगर, एमनजई जलालनगर, तारीन जलालनगर, स्टेशन रोड, पंचपीर, जातिया फातिमा आदि के करीब पांच हजार उपभोक्ताओं के घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों को उम्मीद थी कि जल्द आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। घरों में इन्वर्टर की बैट्रियां भी डाउन हो गईं। रात करीब तीन बजे ट्रॉली को ठीक करने के बाद आपूर्ति को बहाल कराया जा सका।

तकनीशियन ने फोन नहीं उठाया, कर्मचारी घर पहुंचे : करवा चौथ का त्योहार हाेने के चलते अधिकतर अधिकारी-कर्मचारी अपने घर पर थे। रात में फाल्ट आने के बाद सभी को बुला लिया गया। इस बीच तकनीशियन को फोन लगाया गया, लेकिन उनकी कॉल रिसीव नहीं हुई। काफी प्रयास के बाद उन्हें घर से बुलाकर सप्लाई को बहाल कराने में मदद मांगी गई।

राजकीय मेडिकल कॉलेज में दो बजे आई बिजली : राजकीय मेडिकल कॉलेज की 33 केवी लाइन में आए फाल्ट के चलते डॉक्टर और कर्मचारी बिजली के लिए तरसते रहे। रात करीब दो बजे केबल बॉक्स ठीक होने के बाद बिजली की आपूर्ति को बहाल किया जा सका।

अस्पताल को 24 घंटे बिजली देने का शेड्यूल है। इसके चलते 33 केवी लाइन को डाला गया है। बुधवार को सुबह करीब आठ बजे लाइन में फाल्ट आने के चलते अस्पताल और कॉलोनी की बिजली गुल हो गई। केबल बॉक्स खराब होने के चलते पूरे दिन डॉक्टर और कर्मचारी बिजली के लिए तरसते रहे। रात में भी आपूर्ति को बहाल करने में कर्मचारी कामयाब नहीं हो सके। नतीजतन, करवा चौथ का त्योहार भी अंधेरे में मनाना पड़ा। रात करीब दो बजे केबल बॉक्स ठीक होने के बाद सप्लाई को बहाल किया जा सका। अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के जेई माता प्रसाद ने बताया कि फाल्ट को सही करा दिया गया है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button