Shahjahanpur News: मंच पर दुश्मन…ग्रीन रूम में श्रीराम-सीता को दृश्य समझा रहा रावण
शाहजहांपुर। शारदीय नवरात्र के दौरान होने वाली ओसीएफ इस्टेट की रामलीला का अपना क्रेज है। मंच पर एक-दूसरे के दुश्मन रामादल और रावण दल के कलाकार पर्दे के पीछे बेहतर तारतम्य के साथ काम करते हैं। ग्रीन रूम में रावण ही श्रीराम और सीताजी को दृश्य समझाता है। रामलीला का निर्देशन रावण का किरदार निभाने वाले अंकित सक्सेना स्वयं संभालते हैं।
शनिवार की शाम करीब आठ बजे ओसीएफ के रामलीला मंच के पीछे ग्रीन रूम के गेट पर वानर बने बच्चों की फौज खड़ी मिली। अंदर रावण बने अंकित अपने रोल के इंतजार में मेघनाद के साथ बैठे नजर आए। रावण अपने चेहरे को शीशे में देखकर किरदार को जीवंत करने की कोशिश में लगा था।
विभीषण, अंगद के साथ बैठकर बातों में मशगूल थे। कुछ देर बाद अंगद बने प्रमोद कुमार रावण के नजदीक आए। बोले-यह चौपाई समझ नहीं आ रही है। रावण यानी अंकित ने उन्हें चौपाई को बताने के साथ ही उसका उच्चारण कर दिखाया। मंच से रोल पूरा कर सीताजी बनीं रानी मिश्रा भी गईं। रावण ने उन्हें हनुमान जी से भेंट का दृश्य समझाकर मंच पर भेज दिया।
मेघनाद यानी कौशलेंद्र पांडेय भी मेकअप मैन के पास आते हैं। कहते हैं कि उनकी मूंछ आकर्षक नहीं लग रही है। मेकअप मैन उनकी मूंछ को बेहतर बनाते हैं।
–
रावण की फौज के साथ सेल्फी लेते नजर आए अंगद
मंच पर रावण और रामा दल के बीच जितनी शत्रुता है। मंच के पीछे उतना ही प्रेम हैं। ग्रीन रूम में बैठे अंगद रावण की सेना के सेनापति के साथ सेल्फी लेते नजर आए। उन्होंने रावण के साथ भी फोटो क्लिक कराई।

