शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: वोट बैंक में सेंध की आशंका में मनाते रहे, बागियों ने तीखे कर दिए तेवर

Connect News 24

-अंतिम समय तक भाजपा ने मनाने के किए प्रयास, जातीय गणित सुधारने में लगे रणनीतिकार

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। असंतोष और वोट बैंक के बिखराव की आशंका के मद्देनजर भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा अंतिम समय में की थी। 24 अप्रैल को नामांकन की अंतिम तारीख थी, लेकिन टिकट 23 अप्रैल की शाम को घोषित किए गए। बावजूद इसके हर हाल में चुनाव लड़ने का मन बना चुके पार्टी के सदस्यों ने अंतिम दिन नामांकन दाखिल कर दिए। भाजपा ने नाम वापसी के दिन तक बागियों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने तेवर तीखे कर लिए। वोट बैंक में सेंध की आशंका के बीच बागियों पर आखिरकार कार्रवाई की गाज गिरा दी गई।

जलालाबाद में नगर पालिकाध्यक्ष के भाजपा के टिकट के लिए काफी मारामारी थी। भाजपा ने निवर्तमान पालिकाध्यक्ष मनेंद्र गुप्ता का टिकट काटकर मनमोहन द्विवेदी को दिया है। टिकट कटते ही मनेंद्र ने बगावती तेवर अपना लिए थे। पहले पार्टी ने उन्हें मनाने के प्रयास किए, लेकिन वह निर्दलीय चुनावी मैदान में उतर गए। वैश्य समाज के वोट खिसकने की आशंका में पार्टी ने नामांकन वापसी के दिन तक सारे प्रयास किए, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। अब वैश्य बिरादरी के वोट पर पकड़ बनाए रखने के लिए पार्टी के रणनीतिकार लगे हुए हैं।

इसी तरह अल्हागंज नगर पंचायत के निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश वर्मा को पार्टी ने टिकट नहीं दिया। उनके स्थान पर शिवानी वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। ओबीसी महिला के लिए आरक्षित सीट पर अब राजेश अपनी पत्नी राखी वर्मा को चुनाव लड़ा रहे हैं। नवगठित नगर पंचायत कलान में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजय सिंह के बेटे आदित्य भाजपा से टिकट मांग रहे थे। वह लंबे समय से यहां पर चुनाव की तैयारी कर रहे थे। टिकट न मिलने पर उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी बहन अदिति का नामांकन कराया है। वह भी जोर लगा रहे हैं।

पुवायां और बंडा में बागियों पर कार्रवाई, खुटार में चुप्पी

पुवायां। भाजपा जिलाध्यक्ष ने पुवायां और बंडा के पदाधिकारियों पर कार्रवाई कर पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है, लेकिन खुटार में अधिकृत प्रत्याशी केे खिलाफ डटे पदाधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

भाजपा ने पुवायां नगर पालिका अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गंगाराम मिश्रा, बंडा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी विश्व विजय सिंह के खिलाफ मैदान में उतरे मंडल महामंत्री भूषणवीर सिंह, सच्चिदानंद पांडेय के भाई मंडल उपाध्यक्ष अच्युतानंद पांडे, कार्यकर्ता विनय सिंह को छह साल के लिए निष्कासित किया है। खुटार में पार्टी ने भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम की पत्नी सरला देवी को अध्यक्ष पद के लिए टिकट दिया है। मोर्चा के ही कार्यकारिणी सदस्य दुर्गेश कुमार ने अपनी भाभी शकुंतला देवी को अध्यक्ष पद से चुनाव मैदान में उतारा है और लगातार अपनी भाभी के लिए प्रचार कर रहे हैं। भाजपा ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की है। दुर्गेश कुमार ने बताया कि, वह जल्द ही भाजपा से इस्तीफा दे देंगे। इसके अलावा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष चंदन कठेरिया भी पत्नी ज्योति कठेरिया के लिए अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। चंदन कठेरिया का कहना है कि वह पहले ही भाजपा से इस्तीफा दे चुके हैं।

निकाले गए प्रत्याशी मान रहे मौका

पुवायां। भाजपा से निकाले गए और चुनाव मैदान में डटे पूर्व पदाधिकारी इसे अपने लिए मौका मान रहे हैं। वह लोग जनता के बीच जाकर कह रहे हैं कि उन्होंने पार्टी की तमाम वर्षों तक सेवा की, लेकिन टिकट नहीं दी गई। उन्होंने निर्दलीय नामांकन कराया तो पार्टी ने निकाल दिया। पुवायां में निष्कासित किए गए गंगाराम मिश्रा ने तो सोशल मीडिया पर दिया कि निष्कासित करने के लिए धन्यवाद। पार्टी खरीदने, बेचने वालों से कार्यकर्ता सावधान रहें।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button