Shahjahanpur News: राहत… दिव्यांगों को ट्रेनों के किराए में रियायत के लिए मिलेगा प्रमाणपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 14 Jun 2023 12:56 AM IST
शाहजहांपुर। दिव्यांगों के लिए क्यूआर कोड और वेबसाइट शुरू कर दी गई है। इसके तहत उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की ओर से दिव्यांगों को किराए में रियायत के लिए फोटो पहचानपत्र, प्रमाणपत्र और एसएमएस सेवा की सुविधा दी जाएगी।
सीएमआई राजकुमार ने बताया कि दिव्यांगजनों को किराए में रियायत पाने के लिए पहले ऑफलाइन आवेदन करना पड़ता था। अब वे क्यूआर कोड व वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने के बाद उनका सत्यापन होगा। इसके बाद रियायत के लिए फोटो पहचानपत्र और प्रमाणपत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसे वेबसाइट से ही डाउनलोड भी कर सकेंगे।
पहचानपत्र और प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने के बाद उसकी ट्रैकिंग भी की जा सकेगी। इससे यह पता चल सकेगा कि आवेदन की क्या स्थिति है और कितना समय सुविधा मिलने में लगेगा। इसके साथ ही एसएमएस सेवा भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने दिव्यांगजनों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। इधर, दिव्यांगजनों को रियायत देने के लिए क्यूआर कोड और वेबसाइट शुरू किए जाने पर डीफ एसोसिएशन के बरेली मंडल महासचिव अमन सक्सेना ने खुशी जताई है।