Shahjahanpur News: मारपीट और धमकाने में सभासद समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
तिलहर। मकान के बैनामे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस मामले में एक महिला ने दो सभासदों सहित चार लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं दूसरे पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई है।
मोहल्ला घेर चौबा निवासी पप्पू की पत्नी सलमा ने सभासद अभिषेक सिंह और अखलाक तथा उसके साथी अनुज सिंह और ऋषभ गंगवार के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने और मकान खाली करने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं शनिवार को सभासद अखलाक ने अपने कुछ साथियों के साथ थाना प्रभारी धनंजय सिंह और सीओ प्रयांक जैन से मिलकर तहरीर देते हुए मोहल्ले के कुछ लोगों द्वारा उन्हें घर से उठा ले जाने और तमंचे से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार की है।