Shahjahanpur News: दहेज उत्पीड़न के आरोप में छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
पुत्री का जन्म होने पर पिटाई कर अस्पताल में छोड़ गए ससुराल के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
खुटार। गांव चांदपुर निवासी वीरेंद्र त्रिवेदी ने पुत्री का दहेज के लिए उत्पीड़न करने के आरोप में दामाद सहित छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वीरेंद्र त्रिवेदी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पुत्री सविता देवी की शादी 14 जून 2020 को जनपद लखीमपुर के थाना फूलबेहड़ के गांव सिसोरा निवासी मनोज मिश्रा से की थी। शादी में लगभग 30 लाख रुपये का दहेज भी दिया था। दामाद मनोज मिश्रा, दामाद की मां राजेश कुमारी, पिता मुक्ता प्रसाद, बहन अंजली और दूसरी बहन पूजागांव मुड़िया निवासी वंदना, भाई जीतू मिश्रा दान दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और दहेज में तीन लाख रुपये, बुलेट बाइक की मांग करने लगे।
पुत्री के जानकारी देने पर उन्होंने दहेज देने में असमर्थता जताई तो आरोपी सविता को परेशान करने लगे। सविता ने 30 जून 2022 को पुत्री को जन्म दिया। इससे ससुराल के लोग और नाराज हो गए। मनोज और राजेश कुमारी ने पुत्री की अस्पताल में ही पिटाई कर दी। अस्पताल कर्मियों के जानकारी देने पर वह अस्पताल पहुंचे और पुलिस बुलाई।
पुलिस के समझाने पर आरोपी सविता को अस्पताल में ही छोड़कर चले गए। इसके बाद से पुत्री मायके में रह रही है। पुत्री के ससुराल वाले कई बार धमकी दे चुके हैं कि सविता को ससुराल भेजा तो मार देंगे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।