Shahjahanpur News: अंजलि की मौत के मामले में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
पुवायां। शादी के एक महीने बाद ही अंजलि की मौत के मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव उमरसड़ा निवासी दीपक की शादी दो मई को गांव बनिगवां निवासी सर्वेश कुमार की पुत्री अंजलि से हुई थी। 13 जून को अंजलि का शव ससुराल में एक कमरे में रस्सी के सहारे कुंडे से लटका मिला था। दीपक ने पुलिस को बताया था कि अंजलि मायके जाने की जिद कर रही थी। मना करने पर उसने फंदे से लटक कर जान दे दी।
इधर, अंजलि के पिता सर्वेश कुमार ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही दामाद दीपक, उसके पिता विनोद कुमार, मां गुड्डी देवी, भाई प्रदीप दहेज में सोने की चेन और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर अंजलि को प्रताड़ित कर रहे थे। आए दिन उसकी पिटाई की जाती थी। 13 जून को ससुराल वालों ने अंजलि की फंदे से लटकाकर हत्या कर दी। पुलिस ने दीपक, विनोद, गुड्डी देवी और प्रदीप के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।