Shahjahanpur News: विवाहिता की मौत के मामले में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
ससुराल वालों ने बताया-बीमारी से मौत, पिता ने लगाया दहेज के लिए जहरीला पदार्थ देने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां। विवाहिता की मौत के मामले में पिता ने दामाद सहित पांच लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में युवती की मौत हार्ट अटैक से होना आया है।
गांव शहवाजपुर निवासी राजीव कुमार की पत्नी 22 वर्षीय रिया की 23 अगस्त को मौत हो गई थी। राजीव ने अपने ससुर को बताया था कि रिया की मौत बुखार से हुई है। जनपद लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव रामा लखनापुर निवासी रिया के पिता रामशिव ने पुलिस को सूचना देकर पुत्री की बुखार से मौत पर संदेह जताया था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।
रामशिव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पुत्री रिया की शादी दो वर्ष पूर्व राजीव कुमार मिश्रा के साथ की थी। शादी के बाद से ही दामाद राजीव मिश्रा, दामाद के भाई संजीव कुमार, संजय, मां संतोष मिश्रा, बहन कंचन दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उत्पीड़न किया जाने लगा।
आरोप लगाया कि 23 अगस्त को रिया की पिटाई की गई और जहरीला पदार्थ खिलाकर मार दिया गया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपर्ट में मौत की वजह हार्ट अटैक आई है।