Malaria : बरेली के मीरगंज में मलेरिया बेकाबू, 24 घंटे में मिले 42 मरीज, घर-घर बिछी चारपाई

डेंगू-मलेरिया वार्ड (सांकेतिक तस्वीर)
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के मीरगंज में मलेरिया के मरीजों की तादाद थमने के बजाय बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को मीरगंज के मलेरिया प्रभावित गांवों में एक्टिव केस सर्विलांस के तहत शिविर लगाकर जांच हुई तो बुखार की चपेट में रहे 42 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। उनका इलाज किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शुक्रवार को मीरगंज में एक्टिव केस सर्विलांस के तहत बुखार के मरीजों की जांच की गई। टीमों ने आशा कार्यकर्ता और प्रधान के सहयोग से घर-घर पहुंचकर बुखार के मरीजों को जांच के लिए शिविर में भेजा। यहां जांच में मलेरिया की चपेट में मिले लोगों और उनके परिजनों को बचाव का सुझाव दिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को जिले में मलेरिया के 53 मरीज मिले। इसमें मीरगंज के 42 मरीज शामिल रहे। शेरगढ़ में आठ, भमोरा में दो और एक मरीज फतेहगंज में मिला है। तीन मेडिकल मोबाइल यूनिटों ने भी शिविर लगाकर बुखार के मरीजों की जांच की।



