शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: युवती की हत्या के आरोप में चार युवकों पर रिपोर्ट

Connect News 24

कांट। थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की 21 वर्षीय युवती का शव पेड़ से लटके मिलने के मामले में उसी मोहल्ले के चार युवकों पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। परिजनों ने कार्रवाई नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था।साथ ही सड़क पर जाम लगाने की तैयारी कर रहे थे। आनन-फानन पुलिस ने पहुंचकर परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत किया। फिर आरोपियों पर कार्रवाई की।

युवती मंगलवार रात घर से लापता हो गई थी। बुधवार सुबह उसका शव मोहल्ले से 50 मीटर दूर एक पेड़ से चुनरी के सहारे लटका मिला था। युवती के पिता ने मोहल्ले के चार युवकों पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया था। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। परिजन आरोपियों पर हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर सड़क जाम लगाने की तैयारी कर रहे थे। सूचना पर कांट पुलिस मौके पर पहुंच गई। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने के सवाल पर पुलिस ने तर्क दिया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। करीब तीन घंटे तक वार्ता चलती रही। इस बीच सीओ सदर अमित चौरसिया ने थाने में बुलाकर परिजनों से बातचीत की। रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद करीब ढाई बजे युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

खंडहर में बुलाकर की छेड़खानी, विरोध पर दबाया गला

युवती के पिता की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया गया कि रात 12 बजे उनकी बेटी को कार्तिक सक्सेना, वैभव पाठक, अभय राठौर और सक्षम शर्मा धोखे से एक खंडहर में ले गए। वहां ले जाकर छेड़खानी शुरू कर दी। बेटी के विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दुपट्टे से अकौआ के पेड़ में लटका दिया।

युवती नहीं चलाती थी मोबाइल फोन

परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करती थी। फिर भी पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन की सीडीआर निकलवा रही है, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके। पुलिस ने चारों को बुधवार को ही पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था।

दम घुटने से मौत होने की बात आई सामने

बृहस्पतिवार को पुलिस को मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो गई। इसमें दम घुटने से मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतका के पिता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया गया। मामले की विवेचना कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

अमित चौरसिया, सीओ सदर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button