Shahjahanpur News: मनरेगा के कार्य न होने पर प्रधानों का हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 07 Nov 2023 12:22 AM IST

तिलहर क्षेत्र पंचायत की बैठक में ब्लॉक प्रमुख कविता यादव को ज्ञापन देते प्रधान।संवाद
तिलहर। खंड विकास सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक में मनरेगा के कार्य नहीं होने पर प्रधानों ने जमकर हंगामा किया। ब्लाॅक प्रमुख कविता यादव ने मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी से नाराजगी जताते हुए उनका इस्तीफा मांग लिया। इस पर मनरेगा अधिकारी सदन से बाहर चले गए।
सोमवार को डबाकरा पंचायत भवन में ब्लॉक प्रमुख कविता यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, आंगनबाड़ी और सर्व शिक्षा अभियान को लेकर चर्चा शुरू हुई। प्रधानों ने ब्लॉक प्रमुख कविता यादव को ज्ञापन देकर मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी और निगोही बीडीओ योगेंद्र राम त्रिपाठी पर मनरेगा से संबंधित कार्यों को न कराए जाने और हड़ताल पर बैठे मनरेगा कर्मचारियों को वेतन न दिए जाने का आरोप लगाया। ब्लाॅक प्रमुख और उनके पति वरुण यादव ने मनरेगा अधिकारी योगेंद्र राम त्रिपाठी से नाराजगी जताई। इस पर मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि वह शनिवार को यहां बैठकर देखा करेंगे। इस बात पर ब्लॉक प्रमुख कविता यादव ने कहा कि यदि वह कार्य नहीं कर सकते तो अपने पद से इस्तीफा देकर चले जाएं। इस मनरेगा अधिकारी भी इस्तीफा देने की बात कहते हुए बाहर चले गए।
बैठक में गैरहाजिर रहे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति को लेकर उन्होंने डीएम को रिपोर्ट भेजी। बैठक में बीडीओ ब्रजेश कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी आदि मौजूद रहे।