Shahjahanpur News: भारतीय संस्कृति रक्षार्थ यज्ञ में डाली आहुतियां
शाहजहांपुर। आर्य समाज कटिया टोला की ओर से भारतीय संस्कृति रक्षार्थ और विश्व कल्याणार्थ घर-घर ब्रह्म यज्ञ के साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत सोमवार को यज्ञ हुआ। कटिया टोला स्थित यज्ञशाला में वेदमंत्रों के साथ यज्ञ में लोगों ने आहुतियां डाली। मुख्य यजमान पं. संतोष कुमार दीक्षित रहे। प्रधान पंडित हरप्रसाद पांडेय ने यज्ञ संपन्न कराया। डॉ. सत्यप्रकाश तिवारी ने ब्रह्म यज्ञ की महत्ता बताई। सर्वसमाज कल्याणार्थ यज्ञ के माध्यम से विश्व बंधुत्व की भावना जगाने के हेतु घर-घर वैदिक ब्रह्म यज्ञ करने तथा महर्षि दयानंद सरस्वती की नीतियों पर चल कर सामाजिक चेतना कार्यक्रम में सहयोग करने पर जोर दिया गया। इस मौके पर राजेश चंद्र शुक्ला, सत्यप्रकाश तिवारी, संतोष कुमार दीक्षित, राजीव कुमार मिश्रा, रामदीन आदि मौजूद रहे। हरप्रसाद पांडेय ने बताया कि मंगलवार को आर्य समाज कटिया टोला स्थित यज्ञशाला में सुबह आठ बजे से यज्ञ होगा। संवाद