Shahjahanpur News: कासगंज में हादसा, साधु की मौत, शिष्य घायल
शाहजहांपुर आते समय रास्ते में बाइक सांड़ से टकराई
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। बाइक से कासगंज से शाहजहांपुर आ रहे साधु-शिष्य की बाइक सांड़ से टकरा गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। कासगंज में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को शाहजहांपुर लाया गया। यहां राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात साधु की मृत्यु हो गई।
कासगंज के हमापुर क्षेत्र के गांव जरई निवासी 60 वर्षीय सत्यभान यादव उर्फ सदादास बाबा संन्यासी थे। वह कासगंज में ही रहते थे। शाहजहांपुर के थाना आरसी मिशन क्षेत्र के गांव परमाली निवासी सर्वेश कुमार उनका शिष्य है। वह बाबा से मिलने कासगंज गया। सर्वेश, सदादास बाबा को लेकर शुक्रवार दोपहर शाहजहांपुर आ रहा था।
कासगंज क्षेत्र में ही उनकी बाइक सांड़ से टकरा गई। वहां अस्पताल में इलाज के बाद दोनों को शाहजहांपुर लाया गया और राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। देर रात बाबा सदादास की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बाबा के रिश्तेदारों को सूचना दी गई है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

