Shahjahanpur News: सचिव ने अध्यक्ष और उनके बेटे पर लगाया अभद्रता करने का आरोप
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन में घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा। अध्यक्ष अतुल प्रकाश सक्सेना के वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाने पर सचिव आनंद पाठक ने पलटवार किया है। उन्होंने अतुल सक्सेना और उनके बेटे पर 24 मई को हुई बैठक में अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए थाना सदर बाजार में तहरीर दी है।
आनंद पाठक ने तहरीर में बताया कि शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन की बैठक कोषाध्यक्ष विश्व भूषण जौहरी ने सदर बाजार में एक होटल में बुलाई थी। उपाध्यक्ष खुशजीत सिंह सलूजा का स्वास्थ्य खराब होने पर वह बैठक में नहीं आए। इस बीच प्रतिनिधित्व उन्हें सौंप दिया गया। बैठक में अध्यक्ष अतुल सक्सेना समेत छह लोग उपस्थित थे। इसमें सर्वसम्मति से चुनाव कराने का प्रस्ताव पास हुआ और अतुल सक्सेना के अतिरिक्त सभी सदस्यों ने हस्ताक्षर किए।
आरोप है कि बैठक में अतुल के पुत्र आ गए। एसोसिएशन का सदस्य नहीं होने की बात कहते हुए उनसे आपत्ति जताई। आनंद पाठक का आरोप है कि अतुल के पुत्र ने चुनाव नहीं कराने व पिता के अध्यक्ष रहने की बात कहते हुए अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
आनंद पाठक ने बताया कि अध्यक्ष द्वारा उनके खिलाफ की गई शिकायत का जवाब उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ को भेज दिया है। उनके द्वारा खर्च किए सारे रुपये के प्रमाण उनके पास उपलब्ध हैं। वहीं इस मामले में अतुल सक्सेना से संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने मोबाइल पर कॉल रिसीव नहीं की।