Shahjahanpur News: सरकार पुरानी पेंशन बहाली कर निजीकरण पर लगाए रोक
शाहजहांपुर। पुरानी पेंशन बहाली के लिए बिहार के चंपारण से शुरू हुई रथयात्रा बृहस्पतिवार देर रात जिले की सीमा में प्रवेश हुई। गुर्री पुलिस चौकी समेत अन्य स्थानों पर कर्मचारियों ने रथयात्रा का स्वागत किया। इसके बाद रथ यात्रा खिरनीबाग रामलीला मैदान पहुंची। यहां पर जनसभा का आयोजन किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने कहा कि सरकार जितनी जल्दी हो सके, पुरानी पेंशन बहाल करते हुए निजीकरण पर रोक लगाए। अटेवा ने संघर्ष से पांच राज्यों में पेंशन बहाली कराई है। जल्द ही पूरे देश में पेंशन बहाली कराएंगे। जिस तरह लोग भारी संख्या में अटेवा के साथ जुड़ रहे हैं, उससे यह सिद्ध होता है कि जल्द ही पुरानी पेंशन प्राप्त कर लेंगे। अन्यथा की स्थिति में वोट की चोट से ओपीएस को बहाल करवाएंगे।
उन्होंने कहा कि निजीकरण देश के लिए अभिशाप है, जो जल्द से जल्द बंद होना चाहिए। पूरे मैदान में पुरानी पेंशन बहाल करो, निजीकरण भारत छोड़ो के नारे गूंजते रहे। इस दौरान जिले के विभिन्न शिक्षक संघ एवं कर्मचारी संघों के जिलाध्यक्षों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में रवींद्र पाल सिंह, जगदंवा प्रसाद मिश्र, अमित कुमार, राम कुमार, अजय कुमार वर्मा, उमेश भारती, राजेश कुमार, राजेश यादव, आलोक कुमार, हंसराज आदि मौजूद रहे।