जिंदगी से खिलवाड़: चालक ने टेंपो को बना दिया बस, पुलिस ने सवारियों की गिनती की तो रह गई हैरान

टेंपो में सवार थे 23 लोग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ज्यादा कमाई के चक्कर में टेंपो और डग्गामार वाहनों के चालक यात्रियों की जान जोखिम में डालने से भी गुरेज नहीं कर रहे। क्षमता से अधिक सवारियां भरकर वाहन सड़कों पर दौड़ाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद भी इन पर रोक नहीं लग पा रही है। शाहजहांपुर के खुटार में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। खुटार पुलिस ने ऐसे ही एक टेंपो को रोका तो उसमें 23 सवारियां बैठी मिलीं। टेंपो में सवारियों को ठूस-ठूसकर भर गया था। पुलिस ने टेंपो सीज कर दिया है।
यह भी पढ़ें- UP News: बदायूं में चूहे, कुत्ते के बाद अब सांप मारने पर मुकदमा, आरोपी बोला- डस लेता तो कौन जिम्मेदार होता
गुरुवार रात पुवायां की ओर से एक टेंपो चालक सवारियां लेकर खुटार की ओर आ रहा था। टेंपो पर कई लोग लटके हुए भी थे। एक सवारी छत पर भी बैठी थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने टेंपो रोककर सवारियों की गिनती की तो हैरान रह गई। टेंपो में चालक समेत 23 लोग सवार थे।