Shahjahanpur News: पहला सोमवार आज, भोले के जयकारों से गूंजेंगे शिवालय
शाहजहांपुर। सावन का पहला सोमवार आज है। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। इसके लिए शहर के प्रमुख मंदिरों में बैरिकेडिंग आदि की व्यवस्था की गई है। साथ ही मंदिरों के आसपास साफ-सफाई की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहेंगे।
सावन के पहले सोमवार के मद्देनजर जिले के प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। शहर के बाबा विश्वनाथ मंदिर, बाबा बनखंडी नाथ मंदिर, चौकसी नाथ मंदिर और त्रिलोकीनाथ मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं को दर्शन करने के लिए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग बैरिकेडिंग बनाई गई है। मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। प्रकाश व्यवस्था के इंतजाम बेहतर किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
बंडा के प्राचीन सुनासिर नाथ मंदिर में सुरक्षा के लिहाज से 13 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं को दर्शन करने के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग बनाई गई है। मंदिर परिसर में कांवड़ियों के रुकने के लिए एक कमरे में व्यवस्था की गई। सुरक्षा के दृष्टि से मंदिर के अंदर से लेकर बाहर तक पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। कलान के प्रसिद्ध पटना देवकली मंदिर परिसर में सात सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। वाहनों को खड़े करने के लिए मंदिर के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इस बार सावन मास में आठ सोमवार का व्रत किया जाएगा। पहले सोमवार का व्रत 10 जुलाई, दूसरा सोमवार का व्रत 17 जुलाई, तीसरा सोमवार का व्रत 24 जुलाई, चौथे सोमवार का व्रत 31 जुलाई, पांचवें सोमवार का व्रत 7 अगस्त, छठे सोमवार का व्रत 14 अगस्त, सातवें सोमवार का व्रत 21 अगस्त और आठवें सोमवार का व्रत 28 अगस्त को किया जाएगा।