Bareilly News: गैनी रोड पर तालाब में पलटा ट्रक, ड्राइवर की मौत
बिशारतगंज। रामगंगा से अखा-गैनी रोड पर किया गया भारी वाहनों का डायवर्जन मुसीबत का सबब बन गया है। रविवार को ओवरलोड ट्रक यहां रेलवे क्राॅसिंग के पास तालाब में पलट गया। इससे ड्राइवर की मौत हो गई जबकि दो लोगों को ग्रामीणों ने डूबने से बचा लिया। रोडवेज बस भी अनियंत्रित होकर खाई में आधी झुक गई। हालांकि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के तुहलका नूहमेंवास निवासी अरशद का ट्रक गाजियाबाद से मुर्गी दाना लेकर गुवाहाटी जा रहा था। ट्रक मुरादाबाद से सिरौली के रास्ते रविवार पूर्वाह्न 11 बजे अखा रेलवे क्रॉसिंग के समीप से गुजर रहा था। सामने से आ रही रोडवेज बस को साइड देने के लिए ड्राइवर ने ट्रक को किनारे किया।
सड़क के बराबर में कटान रोकने के लिए बालू भरे बोरे लगा रखे थे। ट्रक के लोड से बोरे खिसक गए और ट्रक तालाब में पलट गया। हादसे से ट्रक ड्राइवर अनवार (35) निवासी राधना इनायतपुर, थाना किठौर जिला मेरठ, नासिर निवासी गढ़ मुक्तेश्वर और गुड्डू निवासी बड़ागांव, थाना परीक्षितगढ़ मेरठ ट्रक के केबिन में फंस गए।
ग्रामीणों ने तालाब में घुसकर ट्रक के शीशे तोड़कर तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। वहां ड्राइवर अनवार की मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रभारी निरीक्षक शितांशु शर्मा ने बताया कि ट्रक मालिक को सूचना दे दी है। उसने आने के बाद ट्रक हटवाने के लिए कहा है।
हादसे के लिए रेलवे व पीडब्ल्यूडी के अधिकारी जिम्मेदार
अखा गांव के लोग हादसे के लिए रेलवे व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जिम्मेदार मानते हैं। उनका कहना है कि क्रॉसिंग के पास पुलिया जर्जर है। तालाब का पानी पुलिया के नीचे से नहीं निकल पाता। तालाब की चहारदीवारी नहीं बनी है। ग्राम प्रधान विजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि ऋषिपाल सिंह की शिकायत पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने सड़क कटान रोकने के लिए कट्टों में बालू भरवाकर किनारे से लगवा दिए थे। बारिश के चलते तालाब भरा है। बालू भरे कट्टे गल चुके हैं। अधिकारियाें ने समय रहते तालाब की दीवार ठीक करा दी होती तो शायद ट्रक चालक की जान नहीं जाती। रेलवे लाइन पर बने अंडरपास का डिजाइन भी भारी वाहनों के हिसाब से उपयुक्त नहीं है। यहां रोज जाम लग रहा है।



