Shahjahanpur News: बस अड्डे के ऊपर सात करोड़ से बनेगा शॉपिंग कॉम्पलेक्स
शाहजहांपुर। परिवहन निगम का कायाकल्प करने की तैयारियों ने तेजी पकड़ ली है। शहर का विस्तार हाेने के बाद जाम से निजात दिलाने के लिए लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित निवाजपुर बाईपास पर सिंगरैया मंदिर के पास सेटेलाइट बस अड्डा बनेगा। वहीं पुराने बस अड्डे के सुंदरीकरण के साथ शॉपिंग कॉम्पलेक्स भी बनाया जाएगा। कार्य कराने का जिम्मा जल निगम और सीएनडीएस को सौंपा गया है।
ई-बसों की सुविधा देने के बाद वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सेटेलाइट बस अड्डे के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। रोडवेज बस अड्डा बनने के बाद भी यात्री सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सुविधाओं को पूर्ण कराने के साथ ही बस अड्डे की छत पर शॉपिंग कॉम्पलेक्स को बनाया जाएगा। डिपो प्रभारी सुरेश चंद्र राठौर ने बताया कि कॉम्पलेक्स बनाने में करीब सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अतिरिक्त वर्कशॉप को आधुनिक तरीके से बनाया जाएगा।
प्रोजेक्ट बनाने के दिए निर्देश
वित्त मंत्री के निरीक्षण के बाद कार्यदायी संस्था को प्रोजेक्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही जमीन का सीमांकन कराते हुए नींव भराने के कार्य शुरू करने के लिए कहा गया है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रामसागर पांडेय ने बताया कि कार्य के जल्द शुरू होने की संभावना है। दो हजार वर्गमीटर जमीन पर बस अड्डे का निर्माण कराया जाएगा।