शाहजहांपुर: तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

किसान का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के थाना आरसी मिशन क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसा हो गया। हरदोई बाईपास के पास तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल सवार किसान को टक्कर मार दी, जिससे किसान की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक थाना आरसी मिशन के मोहल्ला सराय काइया निवासी संजय (40) खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। संजय रविवार की रात करीब 10:00 बजे खेत से घर लौट रहे थे। लावारिस पशुओं के चलते देर रात तक वह खेत पर रुकते थे।
ये भी पढ़ें- बरेली: युवक ने शादी का झांसा देकर किशोरी से किया दुष्कर्म, गर्भपात भी कराया; शिकायत पर परिजनों ने पीटा
रास्ते में हरदोई बाईपास के पास तेज रफ्तार पिकअप ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से संजय दूर जा गिरे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर आरसी मिशन पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पिकअप की तलाश के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को तलाश किया है, हालांकि कोई सुराग अभी तक नहीं लगा है। इधर, किसान की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।