Shahjahanpur News: बहना ने भाई की कलाई पर बांधा प्यार का धागा

सपा नेता हसीन बासित को राखी बांधती उनकी बहन श्वेता पांडेय
शाहजहांपुर। भाई-बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाया गया। शुभ मुहूर्त सुबह 7:49 बजे तक ही था। उदयातिथि होने के चलते पूरे दिन पर्व मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। भाई ने भी अपनी बहनों को उनकी रक्षा का वचन दिया।
बृहस्पतिवार को रक्षाबंधन के शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखकर बहनें और भाई सुबह जल्दी सोकर उठ गए। स्नान के बाद बहनों ने घर के आंगन में चौक सजाया और रक्षाबंधन की थाली सजाई। इसमें रोली, अक्षत, दीपक, राखी, मिठाई को रखा गया। इसके बाद बहन और भाई चौक के पास ही चौकी लगाकर बैठे। बहनों ने अपने भाई के माथे पर रोली और अक्षत का तिलक लगाया। फिर उनकी कलाई में राखी बांधी और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया गया। बहन ने भाई से अपनी रक्षा का वचन लिया। भाइयों ने अपनी बहन का मुंह मीठा कराया, उनकी रक्षा का वचन देने के साथ ही दक्षिणा और उपहार भेंट किए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी दूर-दराज रहने वाली बहनें, भाइयों के घर पहुंचीं और राखी बांधकर रक्षा का वचन लिया।
वहीं दूर-दराज के क्षेत्राें में रहने वाली जो बहनें खुद भाई के घर नहीं पहुंच पाईं उन्होंने अपनी राखी कोरियर व डाक पार्सल के माध्यम से भेजकर भाई से प्यार और आशीर्वाद मांगा। बहना ने भाई की कलाई पर प्यार बांधा है.., भैया मेरी राखी के बंधन को निभाना आदि गीत वातावरण में गूंजते रहे।
स्कूलों में मनाया गया रक्षाबंधन
शाहजहांपुर। डोरेमोंस इंटरनेशन स्कूल में छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधी। राखियों को शिक्षिकाओं ने अपने हाथों से तैयार किया था। प्रधानाचार्या दीपमाला रस्तोगी ने सभी को रक्षाबंधन की बधाई दी। इस मौके पर अंशिका बाथम, श्वेता अवस्थी, सान्या रोहरा, दीप्ती पाठक, रोमाना,चारु अग्निहोत्री आदि मौजूद रहीं। वहीं होली एंजिल्स की छात्राओं ने कैंट पहुंचकर सेना के जवानों को राखी बांधी। इसके बाद पुलिस लाइन पहुंचकर एसपी अशोक कुमार मीणा, एसएचओ रविंद्र सिंह, ट्रैफिक पुलिस फकरे खान समेत कई पुलिसकर्मियों को राखी बांधी गई। राखियों को छात्राओं ने रिसाइकिल मेटेरियल से तैयार किया था। प्रधानाचार्या एनी थॉमस, शिक्षक सौरभ सिंह, शिक्षिका सविता सक्सेना आदि मौजूद रहीं। संवाद
हिंदू बहनों ने बांधी मुस्लिम भाइयों को राखी
मोहल्ला अंटा निवासी सपा नेता हसीन बासित को उनकी मुंहबोली हिंदू बहन श्वेता पांडेय ने राखी बांधी। हसीन ने बताया कि श्वेता के भाई प्रशांत पांडेय उनके घनिष्ठ मित्र हैं। पिछले पांच सालों से बहन श्वेता उनको राखी बांधने आती हैं। वह भी उनको उपहार के साथ रक्षा का वचन देते हैं।
इसी तरह से व्यापारी नेता सलाहुद्दीन व उनके भाई सैफ अख्तर को कनिष्का गुप्ता राखी बांधती हैं। कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक इमरान सईद को कलावती पिछले कई सालों से राखी बांधती आ रहीं हैं। कलावती इसी विद्यालय में रसोइया के पद पर तैनात हैं। इमरान बताते हैं कि बहन कलावती का हमारे परिवार से बहुत लगाव है। बच्चे भी अपनी बुआ के घर आने का इंतजार करते हैं।
तिलहर। रुद्रपुर स्थित कन्या गुरुकुल की छात्राओं ने थाना परिसर में पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। साथ ही अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर भाइयों की कलाई में राखियां बांधी।
इंस्पेक्टर के बांधी राखी
जलालाबाद। भाजपा महिला मोर्चा की नेता कुसुम शर्मा के नेतृत्व में थाने पहुंचीं संगठन की पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी, एसएसआई सुदीप सिंह सिरोही समेत स्टाफ के अन्य लोगों को राखी बांधकर त्योहार की खुशियां बांटी। पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें सुरक्षा का वचन दिया। संवाद

सपा नेता हसीन बासित को राखी बांधती उनकी बहन श्वेता पांडेय

सपा नेता हसीन बासित को राखी बांधती उनकी बहन श्वेता पांडेय

सपा नेता हसीन बासित को राखी बांधती उनकी बहन श्वेता पांडेय

सपा नेता हसीन बासित को राखी बांधती उनकी बहन श्वेता पांडेय

सपा नेता हसीन बासित को राखी बांधती उनकी बहन श्वेता पांडेय

सपा नेता हसीन बासित को राखी बांधती उनकी बहन श्वेता पांडेय

सपा नेता हसीन बासित को राखी बांधती उनकी बहन श्वेता पांडेय