Shahjahanpur News: खेत में युवक को सांप ने डसा, झाड़-फूंक कराने में गई जान

मृतक उमेश का फाइल फोटो।
बंडा के ग्राम चिकटिया का मामला
फोटो नंबर 10
संवाद न्यूज एजेंसी
बंडा। थाना क्षेत्र के गांव चिकटिया निवासी रामप्रकाश के पुत्र उमेश (30) को खेत में स्प्रे करने के दौरान सांप ने डस लिया। परिजन उसे वैद्य के पास ले गए। झाड़-फूंक करने के साथ देसी उपचार कराने से हालत बिगड़ गई। बाद में राजकीय मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई।
उमेश गांव के धीर सिंह के धान के खेत में रविवार सुबह करीब नौ बजे स्प्रे करने गया था। स्प्रे करने के दौरान उसके पैर में सांप ने डस लिया। उमेश दौड़ते हुए अपने घर आया और परिवार के लोगों को सर्पदंश की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे सरदारपुर के एक वैद्य के यहां लेकर गए और झाड़-फूंक कराते रहे, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ ।
उसके बाद परिजन उसे बंडा के सरकारी अस्पताल में लेकर गए। जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से मां लज्जावती, पत्नी आशा देवी, पुत्र शिवांक, निशांत और पुत्री दीक्षा का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
इस वर्ष अंधविश्वास के कारण गईं जान
20 जून 2023 – मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव सहजनपुर में राकेश के 12 साल के पुत्र अमन को सांप ने डस लिया। परिजन देसी उपचार कराने के लिए कटरा के सलेमपुर ले गए। कोई लाभ नहीं होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
19 जुलाई 2023-मीरानपुर कटरा के इसुरा गांव निवासी अर्जुन 20 को गन्ने के खेत में सांप ने डस लिया। परिजन उसे चार जगह पर झाड़-फूंक कराने ले गए। बाद में उसकी मौत हो गई।
01अगस्त 2023 – गढि़या रंगीन के उमरसड़ गांव में वीरपाल के पुत्र 17 वर्षीय पुत्र प्रदीप को धान की रोपाई करते समय सांप ने डस लिया। झाड़-फूंक कराने के दौरान उसकी जान चली गई।