शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: पेंशन घोटाले में निलंबित समाज कल्याण अधिकारी लापता

Connect News 24

शाहजहांपुर। वृद्धावस्था पेंशन घोटाले के आरोपी निलंबित जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार लापता हैं। उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ है। पुलिस उनके घर भी पहुंची लेकिन वे नहीं मिले। पुलिस को कार्यालय के अन्य कर्मचारियों पर भी संदेह है जिनसे पूछताछ की जा सकती है।

समाज कल्याण विभाग में 20 सितंबर को वृद्धावस्था पेंशन घोटाले में पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार के अलावा आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इनमें सीतापुर निवासी विशाल सक्सेना और सूरज, शाहजहांपुर के साकिब, सीतापुर के खुशाल, कांट के प्रियांशु शर्मा, सदर बाजार थाना क्षेत्र निवासी रामऔतार, निकरा निवासी सतीश कश्यप, कांट के पलहौरा गांव निवासी पप्पू शामिल थे। इन पर खाता नंबर बदलकर 2390 बुजुर्गों की पेंशन अन्य खातों में भेजने का आरोप लगा था। दो करोड़ 52 लाख 39 हजार रुपये के घोटाले में मुकदमा दर्ज होने के बाद सदर बाजार पुलिस ने विवेचना शुरू की थी। आरोपियों के दूसरे जिले के होने के चलते केस को अपराध शाखा में ट्रांसफर कर दिया गया था। केस की पड़ताल में अपराध शाखा के प्रभारी ने सबसे पहले जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ लेखाकार नरेंद्र और नावेद खां के बयान दर्ज किए थे। पुलिस ने घोटाले के आरोप में निलंबित किए जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार से संपर्क साधने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ बता रहा है। पुलिस को वह अपने घर भी नहीं मिले हैं। वहीं दूसरी ओर खाता नंबर उपलब्ध कराने वाले बिचौलियों की तलाश भी शुरू हो गई है। कुछ बिचौलियों के नाम प्रकाश में आने पर उन्हें सूचीबद्ध कर लिया गया है, जिनसे जल्द पूछताछ की जाएगी। अपराध शाखा प्रभारी जाकिर हुसैन ने बताया कि मामले की गहनता से विवेचना की की जा रही है।

-पेंशन घोटाले के आरोपियों की तलाश की जा रही है। निलंबित समाज कल्याण अधिकारी से भी संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा। मामले की गहनता से विवेचना की जाएगी।

बीएस वीर कुमार, सीओ सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button