Shahjahanpur News: पिता की मौत के दूसरे दिन पेड़ के नीचे मिला बेटे का शव

मृतक राजेश का फाइल फोटो
सेहरामऊ दक्षिणी। थाना क्षेत्र के गांव आंधरापुर निवासी राजेश (30) का शव संदिग्ध हालात में गांव से सौ मीटर की दूरी पर सड़क के किनारे पड़ा मिला है। मृतक के परिजनों ने जमीन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। यहां बता दें कि मृतक के पिता की मौत सोमवार को बीमारी से हुई थी।
राजेश उर्फ हरिपाल खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। मंगलवार की शाम साढ़े आठ बजे घर से खाना खाकर टहलने के लिए निकला था। देर शाम तक वह नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। तलाश करने पर गांव से सौ मीटर की दूरी पर आम के पेड़ के नीचे राजेश का शव सड़क के किनारे पड़ा मिला। उसके खानों से खून बह रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के मुताबिक, राजेश का परिवार के सदस्यों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते राजेश की हत्या की गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी गीता, तीन बेटियां शांति, अंकिता, स्नेहा, बेटा अंचल को रोता बिलखता छोड़ गया है। घर के कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिवार के सामने रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मृतक के परिजनों के संदेह के आधार पर पुलिस ने रात में ही युवक को उठाकर हिरासत में लेकर पूछताछ की है। यहां बता दें कि राजेश के पिता की सोमवार को बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मंगलवार दोपहर को उनका अंतिम संस्कार किया गया था। पूरे परिवार में मातम का माहौल था।
विवाद होने पर पत्नी ने कराया था बीच-बचाव
मृतक के भाई नन्हें ने बताया कि राजेश का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। तब उसकी पत्नी गीता ने पहुंचकर बीच-बचाव कराया था। उसके बाद वह घर ले आई थी। कुछ देर के बाद राजेश फिर से निकल गया था। गीता उसे काफी तलाश करती रही। उसके कुछ देर के बाद शव पड़ा मिला था।
राजेश कुमार शराबी पीने का आदी था। उसकी कुछ लोगों से कहा-सुनी हुई थी। मौत होने के संबंध में जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा हो जाएगा।
– अमित चौरसिया, सीओ सदर

मृतक राजेश का फाइल फोटो

