Shahjahanpur News: एक से 31 जुलाई तक चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान

गांधी भवन प्रेक्षागृह में संचारी रोग व दस्तक अभियान को लेकर बैठक में बोलते नगर आयुक्त संतोष कुम
शाहजहांपुर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत शुक्रवार को गांधी भवन प्रेक्षागृह में बैठक हुई। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक के दौरान एक से 31 जुलाई तक अभियान चलाए जाने को लेकर विचार विमर्श किया गया।
नगर आयुक्त ने बताया कि नगर क्षेत्र में जनमानस को दिमागी बुखार एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों, जल जनित रोगों तथा उष्ण मौसम से संबंधित रोगों (हीट रिलेटेड इलनेसेज) की रोकथाम तथा साफ सफाई के संबंध में जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। नगरीय क्षेत्र में मोहल्ला निगरानी समितियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री को इसमें लगाया जाएगा। नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी व समस्त सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों, सफाई नायक, सहायक सफाई नायकों को गंभीरता पूर्वक माइक्रो प्लान बनाकर नगर क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विशेष साफ-सफाई, एंटीलार्वा छिड़काव व फॉगिंग का कार्य कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, सहायक मलेरिया अधिकारी डॉ. अभय प्रजापति, यूनिसेफ (वीएमसी) माता प्रसाद राव, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक सौरभ सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सैफ सिद्दीकी, डिस्ट्रक्टि कॉर्डिनेटर विनय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

