शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: एसडीओ और पार्षद में नोकझोंक

Connect News 24

शाहजहांपुर। आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी, बरेली मोड़ स्थित विद्युत उपकेंद्र पर तैनात एसडीओ और जेई के खिलाफ लोगों का आक्रोश भड़क उठा। लोगों ने ओटीएस योजना में धांधली एवं सुविधा शुल्क लिए जाने का आरोप लगाते हुए विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया। इस दौरान एसडीओ से पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला की जमकर नोकझोंक हुई।

रविवार को पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला के नेतृत्व में तमाम लोग आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी बरेली मोड़ स्थित विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे। उनका कहना था कि ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना में जमकर धांधली बरती जा रही है। उपकेंद्र में एसडीओ तथा जेई योजना में रजिस्ट्रेशन कराकर बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन जोड़ने के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग कर रहे हैं। वार्ड के तमाम उपभोक्ता योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन करने जाते हैं तो उनसे उपकेंद्र पर सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। कई बार एसडीओ तथा जेई से कार्यप्रणाली में सुधार के लिए कहा गया लेकिन व्यवस्था जस की तस रही। इस दौरान एसडीओ एचएल गुप्ता की पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला से तीखी नोकझोंक हो गई। बाद में एसडीओ ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की बात कही तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

विद्युत उपकेंद्र पर एसडीओ तथा जेई मनमानी पर कर रहे हैं। योजना का लाभ दिलाने के लिए सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। लोगों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की शिकायत शासन स्तर पर की जाएगी।

सिद्धार्थ शुक्ला, पार्षद, वार्ड 23 लालपुर, नगर निगम

ओटीएस योजना में पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है। किसी भी प्रकार का सुविधा शुल्क नहीं लिया जा रहा। सभी आरोप निराधार हैं। फिर भी आरोपों की जांच कराई जाएगी।

एचएल गुप्ता, एसडीओ, बिजली निगम।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button