Shahjahanpur News: रामपुर कलां गांव में बाजार में फायरिंग से मची भगदड़

खुटार में पकड़ा गया फायरिंग का आरोपी हरीकृष्ण
खुटार। रामपुर कलां गांव में बृहस्पतिवार को बाजार में फायरिंग के बाद भगदड़ मच गई। पुलिस ने गांव सिल्हुआ के हरीकृष्ण को रायफल समेत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे फायरिंग करने का शौक है। बाद में उसे थाने से जमानत दे दी गई है। पुलिस रायफल के लाइसेंस को निरस्त करने की कवायद कर रही है।
हरीकृष्ण बृहस्पतिवार को गांव रामपुर कलां पहुंचा और भरे बाजार नशे में फायरिंग कर दी। इससे गांव में भगदड़ मच गई। अनहोनी की आशंका में लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। हरीकृष्ण इसके बाद भी राइफल लहराकर हंगामा और बेवजह गाली गलौज करता रहा। डर के कारण किसी की हिम्मत उसे समझाने की नहीं हो सकी। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हरीकृष्ण को लाइसेंसी राइफल सहित गिरफ्तार कर लिया।
हरीकृष्ण से गांव रामपुरकलां जाने और फायरिंग का कारण पूछा गया तो उसने कहा कि उसे फायरिंग करने का शौक है। जब भी उसका मूड होता है, फायरिंग करने लगता है। पुलिस ने राइफल सील कर दी है। आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कर थाने से जमानत दे दी गई है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपी शौक में फायरिंग की बात बता रहा है, इससे कभी भी लोगों को खतरा हो सकता है। रायफल के लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जा रही है।