शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: अब भी डरी-सहमीं हैं बच्चियां, ग्रीष्मावकाश के बाद ही जाएंगी स्कूल

Connect News 24

शाहजहांपुर। ददरौल विकास खंड के एक पूर्व माध्यमिक स्कूल में कंप्यूटर अनुदेशक की करतूस से छात्राएं अब भी डरी-सहमी हैं। वे स्कूल नहीं जा रही हैं। शनिवार से गर्मी की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। अब अभिभावक छुट्टी के बाद ही छात्राओं को स्कूल भेजेंगे। बृहस्पतिवार को तीन छात्राओं के मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराए गए। अब तक छह छात्राओं के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए जा चुके हैं।

वर्ष 2021 से स्कूल में तैनात कंप्यूटर अनुदेशक मोहम्मद अली पर 14 छात्राओं से अश्लील हरकत करने का आरोप लगा था। पहले छात्राओं ने स्कूल में तैनात शिक्षकों से शिकायत की लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। परेशान छात्राओं ने अभिभावकों को आपबीती बताई तो वे आक्रोशित ग्रामीण 13 मई को स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने दो शिक्षक समेत अनुदेशक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अनुदेशक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

अनुदेशक की करतूत से डरी-सहमी छात्राएं अब तक सामान्य नहीं हो सकी हैं। वे अब भी स्कूल जाने से डर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक आरोपी अनुदेशक काफी समय से छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहा था। डर के कारण छात्राएं न घर पर अपना दर्द कह पा रहीं थीं और न स्कूल में उन्हें किसी से मदद मिल रही थी। किसी तरह हिम्मत कर एक छात्रा ने शिक्षिका से शिकायत की तो उसे धमका दिया गया। फिर दूसरी शिक्षिका ने हिम्मत बंधाई तो छात्राओं ने घर जाकर परिजनों को बात बताई। तब जाकर मामला उछला। स्कूल में गिने-चुने ही बच्चे पहुंच रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि 20 मई से गरमी की छुट्टी शुरू हो रही हैं। 15 जून तक स्कूल बंद रहेंगे। इसके बाद ही बच्चे स्कूल जाएंगे।

तीन और छात्राओं ने दर्ज कराए बयान

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीओ तिलहर प्रियांक जैन ने बताया कि पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन छात्राओं के शाहजहांपुर में मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए हैं। बुधवार को भी तीन छात्राओं के बयान दर्ज कराए गए थे। शेष छात्राओं के बयान बाद में दर्ज कराए जाएंगे।

बेसिक शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमार गौरव ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि फसल काटने का सीजन चलने और गरमी के कारण बच्चे वैसे भी कम आते हैं। बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है कि स्कूल में इतने समय तक घटनाक्रम चलने के बावजूद शिक्षकों ने उच्च अधिकारियों को क्यों नहीं अवगत कराया। साथ ही स्कूल के परिवेश आदि को लेकर भी जांच की जा रही है। जिसकी भी गलती मिलेगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button