Pilibhit News: अब गेहूं की जमाखोरी पर लगाम लगाएंगे एसडीएम
– जिले में अब तक तय लक्ष्य के सापेक्ष हो सकी है एक फीसदी से भी कम खरीद
– गेहूं के बीज के नाम पर भंडारण करने की मिल रही थी लगातार शिकायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिले के सरकारी केंद्रों जहां एक फीसदी से भी कम गेहूं खरीद हो पाई है तो लोगों ने काफी मात्रा में इसका स्टॉक कर लिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब डीएम ने जमाखोरी रोकने के लिए एसडीएम को जिम्मेदारी सौंपी है। डीएम ने सभी को टीम बनाकर छापा मारने के निर्देश दिए हैं।
अभी करीब एक माह तक और सरकारी गेहूं खरीद जारी रहेगी। इधर गेहूं न आने केे कारण मंडी से लेकर देहात तक क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। बीज के नाम पर लोग किसानों से सीधे संपर्क कर गेहूं की खरीद कर रहे हैं। इसके चलते प्रशासन की मोबाइल खरीद व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।
इसको लेकर अब डीएम ने एसडीएम की जिम्मेदारी तय की है। डीएम ने सभी एसडीएम को निर्देश जारी कर कहा है कि वह लोग अपने-अपने क्षेत्रों में समीक्षा करें। साथ ही प्राइवेट गेहूं भंडारण गृहों का भी निरीक्षण करें। निर्देश है कि वह तहसीलदार के नेतृत्व में टीम बनाकर इसकी जांच कराएं। जहां कहीं गड़बडी मिले तो संबंधित पर कार्रवाई करें।