Shahjahanpur News: छात्र को टक्कर मारी, पकड़ने के डर से कुचलकर भागा
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sat, 28 Oct 2023 12:42 AM IST

मृतक फरहान उर्फ आशु का फाइल फोटो।
शाहजहांपुर। सुभाषनगर में दो दिन पहले दो वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत के बाद मोहल्ला निसरजई में भी ऐसा हादसा सामने आया है। यहां घर के बाहर साइकिल चला रहे कक्षा एक के छात्र को शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। आसपास के लोग आरोपी चालक को पकड़ने के लिए बढ़े तो वह छात्र को कुचलकर भाग गया। परिजन छात्र को मेडिकल कॉलेज लेकर आए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मेहनत-मजदूरी करने वाले खालिद का इकलौता पुत्र फरहान भुल्लन खां (7 वर्ष) चौपाल के पास स्थित स्कूल में कक्षा एक में पढ़ता था। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे फरहान की मां अंजुम उसे स्कूल भेजने की तैयारी कर रही थी। ड्रेस पहनने से पहले ही वह एक चक्कर साइकिल चलाने की बात कहकर निकल आया। अंजुम उसके पीछे गई। उसके सामने ही मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बच्चे को टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर लगने के बाद चालक ट्रैक्टर को रोकने के बजाय सीधे कुचलते हुए निकल गया। इधर, बेटे को लहूलुहान देखकर अंजुम सुधबुध खो बैठी। आसपास के लोगों की मदद से फरहान को राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर आए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक फरहान उर्फ आशु का फाइल फोटो।