Shahjahanpur News: उज्ज्वला योजना के 1.50 लाख लाभार्थियों की सब्सिडी अटकी
शाहजहांपुर। उज्ज्वला योजना के करीब एक लाख 50 हजार लाभार्थियों की सब्सिडी केवाईसी (अपने ग्राहक को जानो) न होने के चलते अटक गई है। लाभार्थियों की ओर से ध्यान न दिए जाने के कारण सब्सिडी का पैसा उनके खाते में नहीं भेजा जा सका है। एडीएम न्यायिक राशिद अली खान ने सहयोग न करने वालीं गैस एजेंसियां के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को दिवाली पर मुफ्त सिलिंडर रिफलिंग की सब्सिडी दी गई है। इसके लिए लाभार्थी को संबंधित गैस एजेंसी से केवाईसी कराना जरूरी है। लाभार्थी को सिलिंडर के पूरे रुपये देकर रिफिल कराना पड़ेगा। इसके बाद उसके खाते में तीन से चार दिन में सब्सिडी पहुंचेगी। जिले में कुल 3,46,830 उज्ज्वला गैस कनेक्शन धारक हैं। इनमें से करीब 1.50 लाख गैस कनेक्शन धारकों की केवाईसी अपडेट नहीं हो पाई है। जिन लाभार्थियों ने केवाईसी कराने के बाद सिलिंडर रिफिल करा लिया है, उनके खाते में सब्सिडी पहुंच गई है। अब तक केवाईसी कम होने के पीछे प्रशासनिक अधिकारियों का मनाना है कि योजना का ठीक से प्रचार-प्रसार नहीं किया गया है। इसको लेकर एडीएम न्यायिक राशिद अली ने अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश जारी किए हैं कि योजना का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाए। पोस्टर व बैनर लगाए जाने को भी कहा गया है ताकि लोग योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित हों।
पहले देने होंगे पूरे रुपये फिर आएगी सब्सिडी : केवाईसी कराने के बाद पहले लाभार्थी को 929 रुपये देकर भरा सिलिंडर लेना होगा। इसके तीन-चार दिन बाद लाभार्थी के खाते में दो किश्तों में पूरे रुपये सब्सिडी के तौर पर आ जाएंगे। पहले रुपये जुटाने की मशक्कत के कारण कई बार लोग सिलिंडर भरवाने से झिझकते हैं। इस वजह से केवाईसी कराने आगे नहीं आ रहे हैं।
केवाईसी कराने में सर्वर की धीमी रफ्तार भी जिम्मेदार : गैस एजेंसी यूनियन के सचिव अनुज गुप्ता ने बताया कि हर एजेंसी में रोजाना सौ के करीब लाभार्थी केवाईसी कराने के लिए पहुंच रहे हैं। पूरे देश की गैस एजेंजियों में केवाईसी कराने का काम चल रहा है। इसकी वजह से सर्वर धीमा हो जाता है। लाभार्थी एजेंसी पर बैठे रहते हैं। कुछ लोगों की केवाईसी हो जाती है तो कुछ लोग बगैर केवाईसी के लौट जाते हैं। इस वजह से यह प्रक्रिया धीमी चल रही है। गैस एजेंसी संचालकों की तरफ से पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी लेने के लिए संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर केवाईसी कराना होगा। इसके बाद लाभार्थी को पूरी राशि देकर सिलिंडर रिफिल कराना है। फिर तीन या चार दिनों में उनके खाते में सब्सिडी पहुंच जाएगी। योजना के प्रचार-प्रसार का काम किया जा रहा है। लाभार्थियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की जा रही है।
– ओमहरि उपाध्याय, डीएसओ