Shahjahanpur News: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर धरने पर बैठे शिक्षक

मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र डीआईओएस हरिवंश कुमार को सौंपते माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधि
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर जिले के माध्यमिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने डीआईओएस कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित 14 सूत्री मांगपत्र डीआईओएस हरिवंश कुमार को सौंपा गया।
मांग पत्र में पुरानी पेंशन बहाली, वेतन भुगतान से वंचित तदर्थ शिक्षकों को वेतन भुगतान, कैशलेस उपचार की सुविधा, वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय, स्पष्ट स्थानांतरण नीति लागू करने, लंबित अवशेषों का मंडल स्तर पर भुगतान किया जाना आदि मांगें शामिल हैं। इसके साथ ही स्थानीय मांगों के संबंध में नौ सूत्री ज्ञापन देकर सिटीजन चार्टर लागू करने, वेतन से किसी प्रकार की अवैधानिक कटौती न करने, अधियाचन भेजने से पूर्व विभागीय अनुमति प्राप्त करने, लेखा पर्ची प्रतिवर्ष निर्गत करने, बोर्ड परीक्षा का पारिश्रमिक तथा अवशेष का तत्काल भुगतान करने की मांग उठाई।
इस मौके पर प्रांतीय उपाध्यक्ष संतोष कुमार पांडे, जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा, जिला मंत्री गौरव पांडे, इंद्रदेव, अनिल मालवीय, राजीव सक्सेना, संजय कपूर, विशाल चंद्र, अनिल कुमार, डॉ. सरिता गुप्ता, डॉ. चंद्र रेखा मिश्रा, शिखा सिंह, डॉ. अमीर सिंह, शेषमणि त्रिपाठी, गौरव पांडेय आदि मौजूद रहे।
आंदोलन के लिए संघर्ष समिति गठित
धरनास्थल पर सभा में प्रस्ताव पारित कर शिक्षक-शिक्षिकाओं का उत्पीड़न रोकने के लिए आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए राजेश शर्मा, अनिल मालवीय, गौरव पांडे, राजीव सक्सेना, डॉ. सरिता गुप्ता की पांच सदस्यीय संघर्ष समिति का गठन किया गया।