Shahjahanpur News: किशोरी का शव फंदे से लटका मिला, हत्या का आरोप
पुवायां। क्षेत्र के एक गांव में सोमवार शाम 16 वर्षीय किशोरी का शव एक मकान के खंडहर में फंदे से लटका मिला। परिवार के लोग गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मौके पर जांच कर रही है।
गांव में किशोरी के घर के सामने एक खंडहर मकान है। मकान स्वामी गांव में ही दूसरे घर में रहते हैं। किशोरी शाम को अचानक घर से लापता हो गई। देर शाम तक घर न पहुंचने पर तलाश की गई तो किशोरी का शव खंडहर मकान में छत के कुंडे में अंगोछे के फंदे से लटका मिला। परिवार के लोगों ने शव लटकता देख शोर मचाया तो तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। परिजनों की सूचना पर सीओ पंकज पंत और इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
किशोरी के परिजन आरोप लगा रहे हैं कि जिस मकान में शव लटका मिला है, उसके स्वामी के पुत्र ने ही किशोरी की हत्या कर शव लटकाया है। अभी परिजन हत्या का कारण नहीं बता पा रहे हैं। कोई लेन-देन की बात कह रहा है तो कुछ लोग अन्य चर्चाएं कर रहे हैं। रात साढ़े नौ बजे तक पुलिस मौके पर जांच में जुटी है। शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। सीओ पंकज पंत ने बताया कि किशोरी का शव फंदे से लटकता मिला है। शव पोस्टमार्टम को भेजा जाएगा और तहरीर, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।