Shahjahanpur News: साउथ सिटी के सामने लटका मिला किशोर का शव
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 28 May 2023 12:18 AM IST
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र की साउथ सिटी कॉलोनी के गेट के सामने बाउंड्री में सरिये के सहारे रस्सी के फंदे से 15 वर्षीय किशोर का शव लटका मिला। रात करीब साढ़े दस बजे शव को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर आई और पहचान कराने का प्रयास किया। इस बीच किशोर की पहचान मोहित पुत्र विजय वर्मा निवासी अकर्रारासूलपुर थाना कांट के रूप में हुई है। कॉलोनी के वाशिन्दों के अनुसार, कॉलोनी के गेट के सामने सब्जी लगाने वाले सागर नाम के युवक की दुकान पर मोहित काम करता था। सूचना पर परिजन भी रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा है। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। संवाद