Shahjahanpur News: जानवर चराने गए युवक का छह दिन बाद गर्रा नदी में मिला शव

फाइल फोटो, केंद्र पाल सिंह। परिवार
तिलहर। थाना क्षेत्र के गांव धन्योरा निवासी भूपेंद्र सिंह के बेटे केंद्रपाल (27) का शव सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव चांदापुर के पास गर्रा नदी से बरामद कर लिया गया है। वह नदी पार जानवरों को चराने जाने के बाद से लापता थे।
छह अगस्त को केंद्रपाल सिंह गांव के समीप गर्रा नदी पार कर जानवर चराने गए थे। अपरान्ह करीब तीन बजे केंद्रपाल ने घर फोन कर कहा कि जानवर पहुंच गए होंगे। उन्हें बांध देना। वह कुछ देर में आएंगे। इस दौरान आंधी के साथ तेज बारिश होने पर परिजन को चिंता हुई। तब फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद था। रात तक केंद्रपाल के न लौटने पर परिजन ने नदी पार जाकर उनकी तलाश की।
केंद्रपाल की पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ गर्रा नदी में केंद्रपाल की तलाश कराई गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव चांदापुर से गर्रा नदी में एक शव पड़े होने की सूचना पर लापता युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की केंद्रपाल सिंह के रूप में शिनाख्त की। सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सुपुर्द कर दिया। पिता भूपेंद्र सिंह व भाई अवनीश सिंह ने केंद्र पाल सिंह की हत्या की आशंका जताई है।