Shahjahanpur News: 160 करोड़ से सुधरेगी जलालाबाद तहसील की बिजली व्यवस्था

जलालाबाद में अधिकारियों के साथ बैठक करते विधायक हरिप्रकाश वर्मा। संवाद
विधायक ने अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए कई निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। विधायक हरिप्रकाश वर्मा के प्रयास से जलालाबाद खंड की बिजली सप्लाई व्यवस्था में सुधार के लिए 160 करोड़ 59 लाख की धनराशि शासन ने स्वीकृत की है। इस धनराशि से नगर क्षेत्र के अलावा कलान, अल्हागंज, मदनापुर व चौहनापुर उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र में विभिन्न कार्य होंगे। दो चरणों मे किए जाने वाले इन कार्यों को 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शनिवार को विधायक ने तहसील सभागार में पावर काॅरपोरेशन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी से आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली सप्लाई व्यवस्था में सुधार के लिए यदि और धन की आवश्यकता पड़ी तो उसकी भी व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने किसानों को सिंचाई के लिए कनेक्शन के लिए प्राथमिकता से कार्य करने को कहा। बैठक में पावर कॉरपोरेशन के अधीक्षण अभियंता जेपी वर्मा, अधिशासी अभियंता मुदित सोनकर, एसडीएम रविंद्र कुमार, तहसीलदार पैगाम हैदर, कलान के चेयरमैन हरिनारायण गुप्ता, ईओ एचएन उपाध्याय, ब्लाॅक प्रमुख मिर्जापुर प्रियांशु रघुवंशी, अमित सिंह, जितेंद्र प्रताप सिंह के अलावा जलालाबाद, कलान, अल्हागंज व मदनापुर के बिजली निगम के जेई व कर्मचारी मौजूद रहे।
–
प्रमुख रूप से ये होंगे कार्य
अधिशासी अभियंता मुदित सोनकर ने बताया कि रिवैंप्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के तहत स्वीकृत हुई धनराशि से पहले चरण में 93 करोड़ 24 लाख की धनराशि से कार्य होंगे। इनमें स्मार्ट मीटर लगाने व केबल लगाने का कार्य होगा। 206 किलोमीटर एलटी लाइन के जर्जर तार बदले जाएंगे। 90 किलोमीटर 11 केवीए का विभक्तिकरण होगा। 165 किलोमीटर दूरी के 11 केवीए लाइन के तार बदलेंगे तथा 182 किलोमीटर लंबाई में कृषि पोषक का विभक्तिकरण किया जाएगा। दूसरे चरण में 67 करोड़ 45 लाख से नवीनीकरण के कार्य होंगे। इनमें बरीखास, परौर, सुजावलपुर व खजूरी में स्वीकृत बिजली उपकेंद्र के निर्माण सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे।