Shahjahanpur News: आमरण अनशन पर बैठे अधिवक्ता की तबीयत बिगड़ी

जलालाबाद तहसील परिसर में आमरण अनशन पर बैठे अधिवक्ता। संवाद
जलालाबाद। तहसील के अधिवक्ताओं का मांगों को लेकर आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान एक अधिवक्ता की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। मंगलवार को 14 नए अधिवक्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके बाद अनशनकारियों की संख्या 35 हो गई। अनशनकारियों ने तहसील गेट के पास तख्त डाला हुआ है। इससे अधिकारियों की कारें तहसील परिसर में प्रवेश नहीं कर सकीं।
मंगलवार को आमरण अनशन पर अधिवक्ता अमित राठौर, हिमांशु अवस्थी, राजकुमार कश्यप, रमेश यादव, शैलेंद्र मिश्रा, हरीश कश्यप, सर्वेश सिंह, कुश सक्सेना, शैलेंद्र सक्सेना, गौरव सक्सेना, अमित शुक्ला, मिथुन गुप्ता, बिपिन कुमार व अनुपम सिंह बैठे जिनका स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉ. अनुराग शर्मा के नेतृत्व में परीक्षण किया। जांच में 21 अधिवक्ताओं में ज्यादातर का ब्लड प्रेशर हाई मिला। अनशन स्थल पर मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मदनापुर क्षेत्र के 105 गांव जलालाबाद तहसील में शामिल किए जाने तथा तहसील स्थित मुंसिफ कोर्ट में अब तक संबद्ध न किए गए जलालाबाद, अल्हागंज, मिर्जापुर व आंशिक मदनापुर के थानों को शामिल किए जाने की मांग को लेकर अधिवक्ता आंदोलनरत हैं। इन्हीं मांगों को लेकर करीब दो माह पूर्व एक दिवसीय साप्ताहिक हड़ताल रखी गई थी। इसके बाद 25 सितंबर से एक अक्तूबर तक अधिवक्ता क्रमिक अनशन पर रहे। दो अक्तूबर को 21 अधिवक्ताओं ने आमरण अनशन की शुरुआत की थी।
शुगर लेवल हो गया था हाई : दोपहर में अधिवक्ता शैलेंद्र मिश्रा की अनशन स्थल पर अचानक हालत बिगड़ गई। डॉक्टर ने बताया कि उनका शुगर लेवल काफी हाई हो गया था। अधिवक्ता को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। शैलेंद्र मिश्रा मंगलवार सुबह ही आमरण अनशन में शामिल हुए थे। चिकित्सा अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि आराम मिल जाने पर देर शाम उन्हें छुट्टी दे दी गई।
अनशनकारियों से मिले विधायक: विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने अनशनकारियों से मंगलवार को मुलाकात की। वार्ता के दौरान उन्होंने बार अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव को बताया कि उनकी मांगों को लेकर वह मुख्यमंत्री से मिले थे। इस मामले में उनका रुख सकारात्मक था। बताया कि बोर्ड ऑफ रेवेन्यू से भी शासन को पत्र भेजा गया था। इस संबंध में वह डीएम से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने आमरण अनशन खत्म करने की अपील की जिसे अधिवक्ताओं ने मना कर दिया।