Shahjahanpur News: ककराकलां के लोगों को मिलेगी डंपिंग ग्राउंड में जलते कूड़े के धुएं से निजात

ककरा कलां स्थित डंपिंग ग्राउंड में पड़े कूड़े से उठता धुआं
शाहजहांपुर। ककराकलां और उसके आसपास के मोहल्लों के लोगों को डंपिंग ग्राउंड में जलते कूड़े से उठने वाले धुएं से निजात मिलने की उम्मीद है। नगर निगम की ओर से ददरौल क्षेत्र के खिलौली गांव में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगवाया जा रहा है। शहर भर का कूड़ा सीधे प्लांट पर ले जाया जाएगा। वहीं उसका निस्तारण होगा।
शहर के ककराकलां में डंपिंग ग्राउंड बनाया गया है। यहां पूरे शहर का कूड़ा एकत्र होता है। इसमें आए दिन आग लग जाती है। कूड़े से उठने वाला धुआं ककराकलां समेत कई मोहल्लों के लोगों के लिए परेशानी का सबब बना है। अब इस डंपिंग ग्राउंड को खत्म करने की तैयारी नगर निगम ने कर ली है। इसके लिए खिलौली में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगवाया जा रहा है। इस प्लांट में कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। इससे खाद बनाई जाएगी।
भविष्य में बिजली बनाने का भी विचार
खिलौली में लगने वाले सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में कूड़े से खाद बनाई जाएगी। इसके साथ ही कूड़े से बिजली बनाने का भी विचार है। भविष्य में इस पर कार्य होने की संभावना है। प्लांट में प्रोसेसिंग एरिया, कंपोस्टिक एरिया, प्यूरिंग एरिया और शौचालय आदि का निर्माण कराया जाएगा।
कूड़ा निस्तारण की कवायद
पालिका से निगम बनने के बाद से ही कूड़े के निस्तारण की कवायद चल रही है। वर्तमान में ककरा कलां स्थित डंपिंग ग्राउंड के पास ही एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर बना हुआ है। जहां पर कूड़ा प्रबंधन का कार्य चल रहा है।
136 मीट्रिक टन प्रतिदिन निकलता है कूड़ा
नगर निगम के अनुसार शहर से प्रतिदिन 136 मीट्रिक टन कूड़ा रोज निकलता है। ऐसे में 140 मीट्रिक टन क्षमता का यह सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट बन जाने से शहर के कूड़े का पूरी तरीके से निस्तारण हो सकेगा।
सिविल वर्क पूरा, मैकेनिकल के लिए भेजा प्रस्ताव
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम की ओर से खिलौली में लगवाए जा रहे सॉलिड मैनेजमेंट प्लांट में सिविल वर्क पूरा हो गया है। मैकेनिकल वर्क के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इसके लिए बजट स्वीकृत होते ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। प्लांट तैयार होने में छह माह का समय लग सकता है।
डंपिंग ग्राउंड हटाने के लिए नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
फोटो-32
ककराकलां स्थित डंपिंग ग्राउंड को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें कहा गया कि डंपिंग ग्राउंड में पड़ने वाले कूड़े में आए दिन आग लग जाती है, इससे उठने वाला धुआं आसपास के मोहल्लों तक जाता है। इसकी वजह से लोग दमा के रोगी भी बन रहे हैं। इससे निजात के लिए डंपिंग ग्राउंड को स्थानांतरित किया जाना बेहद जरूरी है। इस पर नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि डंपिंग ग्राउंड को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसके साथ ही डंपिंग ग्राउंड पर एकत्र कूड़े से धुआं उठता दिखाई देने पर तुरंत ही आग बुझाने के निर्देश कर्मचारियों को दिए। ज्ञापन देने वालों में फाजिल रियाज, साकिब, जमाल, फैसल रियाज, सैय्यद तनवीर आदि शामिल रहे।

ककरा कलां स्थित डंपिंग ग्राउंड में पड़े कूड़े से उठता धुआं