Shahjahanpur News: बंडा में ताजियों का जुलूस और कांवडि़ये एक मार्ग पर आए

बंडा में करबला की ओर ओर जाता ताजियों का जुलूस
बंडा। थाना क्षेत्र में रविवार को कांवड़िये व ताजियाें का जुलूस एक ही रूट पर आने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने कांवड़ियों को कुछ देर रोककर बैरिकेडिंग कराकर एक लेन से कांवड़ियों के टेंपो को पास कराया। उसके बाद ताजियों का जुलूस आगे की ओर रवाना किया गया। इस दौरान काफी फोर्स मौजूद रहा।
मुरादपुर में मुहर्रम पर रखे गए ताजिये सुबह उठाए गए। ताजियों का जुलूस मुख्य चौराहे से हाेते हुए पूरनपुर रोड स्थित करबला तक जाना था। इसी रूट पर हरिद्वार से कांवड़ यात्रा पर निकले कांवड़िये गोला की ओर जा रहे थे। रविवार को दोपहर करीब तीन बजे ताजियों का जुलूस निकाला जा रहा था। तभी कांवड़ यात्रियों का एक टेंपो आ गया।
एक ही रोड पर ताजियों का जुलूस व कांवड़ यात्री के आने से सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। तुरंत ही कांवड़ियों व ताजियेदारों को रोका गया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कराते हुए दोनों के लिए अलग-अलग लेन तैयार कराई। ताजियों का जुलूस कुछ देर रुकवाने के बाद कांवड़ियों के टेंपो को पास कराया गया। इसके बाद जुलूस करबला की ओर रवाना किया गया। थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत ने बताया कि ताजिये शांतिपूर्वक निकाले गए हैं, साथ ही किसी कांवड़ियों को दिक्कत नहीं आई है।

बंडा में करबला की ओर ओर जाता ताजियों का जुलूस