Shahjahanpur News: सिमरा-सिमरिया के विवाह के साथ शादी-बरातों का दौर शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 22 Oct 2023 01:21 AM IST
शाहजहांपुर। प्राचीन परंपरा के अनुसार शनिवार को सिमरा-सिमरिया का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया गया। बैंडबाजों के साथ बरात निकाली गई। घर में मंडप सजा और महिलाओं ने मंगल गीत गाए। भांवर पड़ने के बाद सिमरिया को सिमरा के साथ विदा किया गया। इसके साथ ही हिंदू समाज में शादी-बरातों का दौर शुरू हो गया।
आश्विन मास में हर साल शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोक संस्कृति की अनूठी तस्वीर देखने को मिलती है। बच्चे सिमरा-सिमरिया का खेल खेलते हैं। शारदीय नवरात्र के पहले दिन से दीवार पर बनाई गई देवी मां की कलाकृति पर बच्चे प्रतिदिन फूल डालते हैं और गीत गाते हैं। इसके बाद दो परिवारों में शादी समारोह संपन्न होता है। इस प्राचीन परंपरा में पूरे मोहल्ले और गांव के लोग श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लेते हैं। शनिवार को शहर के मोहल्ला अजीजगंज, मौजमपुर, गांव अकर्रा रसूलपुर आदि में परंपरा के तहत आयोजन हुए। अजीजगंज में देवी थान पर बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष व बच्चे एकत्रित हुए और विवाह की रस्म निभाई गईं।
गर्रा पुल पर लगी सिमरा-सिमरिया के प्रतिबिंब की दुकानें गर्रा पुल पर शनिवार को सिमरा-सिमरिया के प्रतिबिंब की दुकानें लगाई गईं जहां पर लोगों ने मिट्टी से बने सिमरा-सिमरिया, हाथी, चंडोल आदि की खरीदारी की। ये 50 रुपये से 150 रुपये तक बिके। दुकानदार बाबूलाल प्रजापति ने बताया कि हर साल शारदीय नवरात्र में सिमरा-सिमरिया का विवाह संपन्न कराया जाता है।

