Shahjahanpur News: राम और भरत का मिलाप देख भावुक हुए नगरवासी

ओसीएफ इस्टेट से श्रीराम के राज्याभिषेक की शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं टीसीएल डब्
नंगूलाल मंदिर के सामने हुआ आयोजन, उमड़े श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। खिरनीबाग के जीआईसी खेल मैदान पर आयोजित रामलीला का रावण वध के साथ समापन होने के बाद राजगद्दी निकाली गई। इस दौरान नंगूलाल मंदिर के सामने राम-भरत मिलाप का मंचन हुआ तो लोग भावुक उठे। लक्ष्मण और शत्रुघ्न भी गले मिले।
मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना के भतीजे चंद्रशेखर खन्ना उर्फ धीरू ने श्रीराम समेत सभी देवस्वरूपों की आरती उतारकर पूजन किया। इसके बाद श्रीराम राज्याभिषेक हुआ।
राम-भरत मिलाप के बाद रथ को खींचकर मठिया मंदिर ले जाया गया। यहां श्रद्धालुओं ने स्वरूपों का पूजन अर्चन किया। कूंचालाला, खजांची बाग, उदासीन संगत के बाद राजगद्दी चौक होते हुई दलेलगंज स्थित रामजानकी मंदिर पहुंची।
यहां ओमदेव गुप्ता ने पूजा अर्चना कर शोभायात्रा को विराम दिया। इस अवसर पर पूर्व जिपं अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, अजय प्रताप सिंह यादव, विनोद अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह सेठ, मनीष खन्ना, राममोहन वर्मा, अनूप गुप्ता, नीरज वाजपेयी, नरेंद्र मिश्रा गुरु आदि मौजूद रहे।
फैक्टरी इस्टेट व डबल स्टोरी में निकली श्रीराम राज्याभिषेक शोभायात्रा
शाहजहांपुर। ओसीएफ इस्टेट की रामलीला का समापन होने के बाद बृहस्पतिवार को श्रीराम राज्याभिषेक शोभायात्रा निकाली गई। इसको टीसीएल डब्लयूडब्ल्यूए की अध्यक्ष पूनम सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शोभायात्रा फैक्टरी इस्टेट व डबल स्टोरी के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। इसके बाद ओसीएफ इस्टेट मैदान के रामलीला मंच पर श्री राम-भरत मिलाप का मंचन हुआ।
प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया। इसके बाद कलाकारों व सहयोगियों को पुरस्कार बांटे गए। 29 अक्तूबर को आचार्य प्रमोद शुक्ला द्वारा हवन कराया जाएगा।
इस मौके पर निर्माणी के वरिष्ठ महाप्रबंधक अखिलेश कुमार, अपर महाप्रबंधक अरुण कुमार वर्मा, टीसीएल डबल्यूडबल्यूए की उपाध्यक्ष मीरा वर्मा, सुरक्षाधिकारी ले. कर्नल संजीव कुमार, संगीता सिंह, मनोज पांडेय, हितेश कुमार अग्रवाल, प्रीती अग्रवाल, दिनेश कुमार सक्सेना, नीति सक्सेना आदि मौजूद रहे। संवाद

ओसीएफ इस्टेट से श्रीराम के राज्याभिषेक की शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं टीसीएल डब्