Shahjahanpur News: सब्जी विक्रेता समेत दो की डेंगू के चलते मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 26 Oct 2023 12:13 AM IST

कुल्दीप कुमार का फाइल फोटो।स्रोत परिवार
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा के मोहल्ला आफरीदी निवासी सब्जी विक्रेता हमीद उल्ला खां की डेंगू के चलते मौत हो गई। वहीं कलान में एक व्यक्ति की डेंगू से मौत हुई है।
सब्जी विक्रेता हमीद उल्ला खां को मंगलवार को तेज बुखार आया था। इलाज के लिए खुदागंज मार्ग किनारे स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने डेंगू बुखार कहते हुए उन्हें बरेली के लिए रेफर कर दिया था। आर्थिक हालात ठीक नहीं होने के चलते परिजन उन्हें तिलहर के अस्पताल में लेकर गए। बुधवार को उनकी मौत हो गई।
कलान। नगर पंचायत कलान के सथरी रोड पर रहने वाले कुलदीप राठौर (34) की बुधवार को डेंगू बुखार से मौत हो गई। कुलदीप के परिजन ने बताया कि उसे चार दिन पहले बुखार आया था। परिजन इलाज के लिए उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। कुलदीप राठौर तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। वह अपने पीछे पत्नी सुनीता और दो वर्षीय पुत्र माधव को छोड़ गए हैं।
सीएचसी-पीएचसी पर बुधवार को मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें 4776 मरीजों का उपचार किया गया। सीएमओ डॉ.आरके गौतम ने बताया कि 870 मरीजों की जांच में एक मलेरिया का रोगी मिला है। इसमें डेंगू से पीड़ित कोई व्यक्ति नहीं मिला है। 16 मरीजों को रेफर किया गया।