Rampur: काशीपुर-लालकुआं ट्रैक पर फंसी बाइक, दस मिनट खड़ी रही पैसेंजर ट्रेन, चालक की सतर्कता से बचा बड़ा हादसा

रेलवे ट्रैक पर बाइक फंसने से बड़ा हादसा टला (FILE)
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
काशीपुर-लालकुआं रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा होने से बच गया। रेलवे लाइन पार करते समय युवक की बाइक ट्रैक में फंस गई। तभी काशीपुर की ओर से आ रही काशीपुर-बरेली पैसेंजर ट्रेन (05352) को देखकर युवक बाइक छोड़कर भाग गया।
चालक ने खतरा भांपते हुए ट्रेन रोक दी। लगभग 10 मिनट बाद ट्रैक पर फंसी बाइक को हटाकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया। अचानक ट्रेन रुकने से यात्री परेशान हो गए। बुधवार सुबह करीब पौने छह बजे काशीपुर से ट्रेन लालकुआं जा रही थी।
उत्तराखंड के सुल्तानपुर पट्टी नगर पंचायत कार्यालय के सामने ट्रैक पर ट्रेन चालक ने बाइक देखी तो उसने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन रोक दी। इसके बाद गार्ड और चालक ट्रेन से उतरे और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक पर फंसी बाइक को हटाया। साथ ही कंट्रोल को सूचना दी।
करीब 10 मिनट बाद ट्रेन रवाना हो गई। ट्रेन अपने अगले स्टेशन बाजपुर निर्धारित समय से 10 मिनट देरी से 6 बजकर 20 मिनट पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुल्तानपुर पट्टी के मोहल्ला टांडा बंजारा निवासी एक युवक बाइक लेकर रेलवे ट्रैक को पैदल पार कर रहा था।
तभी ट्रैक में बाइक फंस गई। उसने बाइक निकालने का प्रयास किया लेकिन तब तक ट्रेन आ गई तो वह बाइक छोड़कर भाग गया।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर (बरेली) रेल मंडल के पीआरओ राजेन्द्र सिंह ने बताया कि काशीपुर से वाया लालकुआं होकर बरेली आ रही पैसेंजर ट्रेन बुधवार की सुबह सुल्तानपुर पट्टी में ट्रैक पर बाइक पड़ी होने के कारण रुकी थी। इस मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।