Shahjahanpur News: चोरी का आरोपी गिरफ्तार, जेवरात बरामद

पुलिस की गिरफ्त में चोरी का आरोपी। स्त्रोत-पुलिस
जलालाबाद (शाहजहांपुर)। गश्त के दौरान बृहस्पतिवार रात पुलिस ने क्षेत्र के गांव रामपुर वैन के तिराहे से चोरी के जेवरात समेत एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया। इस दौरान उसका साथी भाग निकला।
थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे पकड़ा गया आरोपी जनपद फर्रुखाबाद के थाना कादरी गेट के गांव लकूला निवासी कुंदन उर्फ पिनिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 11 सितंबर को क्षेत्र के गांव कूरेबंडा निवासी रामनिवास सहित कई अन्य घरों में ताला तोड़कर चोरियां की थीं।
आरोपी के पास से दो जोड़ी सोने की झुमकी, दो जोड़ी मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी के बिछुआ, पायल, चांदी का कड़ा, तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ है। थाना प्रभारी के अनुसार फर्रुखाबाद के उसी गांव निवासी आरोपी का साथी सज्जन भाग निकला। बताया कि आरोपी के खिलाफ कादरी गेट थाने में विभिन्न धाराओं में आठ व जलालाबाद में दो मुकदमे दर्ज हैं। संवाद