शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: चुनाव कार्यालय की वरिष्ठ सहायक के घर चोरी

Connect News 24

Theft at the house of senior assistant of election office

शाहजहांपुर में चोरी की घटना के बाद जांच करती पुलिस। स्रोत-पुलिस

शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की कृष्णानगर कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये का माल साफ कर दिया। चोर नकदी और सोने-चांदी की जेवर ले गए हैं। पुलिस ने मौका-मुआयना किया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे।

चुनाव कार्यालय में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत संगीता मौर्या पति अशोक मौर्या की मृत्यु के बाद अकेले रहती हैं। उनका पुत्र आदित्य नोएडा में रहकर पढ़ाई करता है। शुक्रवार को संगीता अपने बीमार माता-पिता की देखभाल करने के लिए बहादुरगंज स्थित मायके चली गई थीं। सोमवार को ड्यूटी के बाद अपने घर लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर दंग रह गईं। अंदर चैनल, कमरे और अलमारी के ताले टूटे मिले। इसके बाद उन्होंने अपने रिश्ते के भाई मोहन ग्रोवर को सूचना दी। सूचना पर बहादुरगंज पुलिस चौकी के प्रभारी ने मौके पर जाकर जांच की। संगीता ने बताया कि चोर एक सोने की चेन और लॉकेट, तीन अंगूठी, दो जोड़ी कुंडल, एक चोरी की पूजा की प्लेट, चांदी की धूप बत्ती की जोत, 16 चांदी के सिक्के, 25 हजार रुपये ले गए हैं। उनके अनुसार, लाखों रुपये के माल पर चोरों ने हाथ साफ कर लिया है।

कैमरे निकले खराब

-पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद आसपास के कैमरे तलाश किए। काॅलोनी में लगा एक कैमरा ठीक था लेकिन सक्रिय नहीं था। दूसरा कैमरा खराब निकला। हालांकि, बाइक एजेंसी से पुलिस ने फुटेज प्राप्त कर ली हैं। उसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

तिलहरजई और डीएम कंपाउंड में चोरियों का खुलासा नहीं

-नगर क्षेत्र में बंद मकानों को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं और पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पा रही है। 12 नवंबर को दिवाली की रात चोरों ने थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला तिलहरजई निवासी फहीम अख्तर के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने आठ लाख रुपये का माल समेट लिया था। इसके एक सप्ताह बाद आरसी मिशन में बाईपास चौराहे पर चोरी की घटना हुई थी। इससे पहले डीएम कंपाउंड में दो चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। चोर बंद घरों को निशाना बना रहे हैं और पुलिस उन तक पहुंचने में नाकाम है। ऐसे में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था व रात की गश्त पर सवालिया निशान खड़ा होने लगा है।

-चोरी के मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

बीएस वीर कुमार, सीओ सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button