शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: सैनिक कॉलोनी में चोरों की गश्त

Connect News 24

शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की सैनिक कॉलाेनी में मंगलवार रात चोरों ने गश्त की। कॉलोनी निवासी जाकिर अली के मकान में घुसकर अलमारी में रखी लाखों रुपये की नकदी व गहने चुरा लिए। पास के ही दो अन्य मकानों में भी वारदात की। इस दौरान करीब पांच मोबाइल फोन भी गायब मिले हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

जाकिर अली दिल्ली में रहकर कपड़े का काम करते हैं। दो महीने पहले वह अपने घर लौटे थे। चार अक्तूबर को वह अपने परिवार के साथ लखनऊ घूमने गए थे। सोमवार शाम लौटने पर परिवार के साथ सो गए। इस बीच चोरों ने घर में घुसकर अलमारी में रखी एक लाख 84 हजार की नकदी, सोने की अंगूठी व अन्य गहने चुरा लिए। आसपास के मकानों में घुसकर चोरों ने मोबाइल उड़ा लिए। सुबह छह बजे जागे जाकिर को मकान के अंदर सामान बिखरा मिला। उन्होंने तुरंत ही डायल 112 पर कॉल की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद सदर पुलिस ने भी मौका-मुआयना किया।

जाकिर ने बताया कि चोर नकदी, सोने की अंगूठी, उनके बेटे का मोबाइल फोन ले गए। उनके किरायेदार हिना व फाजिल का मोबाइल भी चोरी हो गया। कुछ दूरी पर शबीना खातूर व फुरकन के घर में घुसे चोरों ने मोबाइल उड़ा लिया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश : पुलिस ने चोरी की घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों की जांच की जिसकी फुटेज में आरोपी नजर आ रहे हैं। उसी फुटेज के आधार पर तलाश शुरू कर दी गई है।

शहर में लगातार चोरियां, पुलिस पर उठने लगे सवाल : पिछले कुछ समय से चोरियों की वारदात में काफी ज्यादा उछाल आ गया। सप्ताह में दो बाइकों की चोरी होना आम बात है। वहीं चोर बंद घराें को आसान लक्ष्य मानकर घटना को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र की मालाराम कॉलोनी में बेसिक स्कूल की शिक्षिका शताक्षी सक्सेना के घर चोरी की घटना का खुलासा किया था। जबकि डीएम कंपाउंड में एसडीएम के बंद मकान में चोरी व चौक कोतवाली की साउथ सिटी कॉलोनी से लाखों की चोरी की घटना के खुलासे में पुलिस नाकाम है। इसी तरह ब्रज विहार कॉलोनी में कृषि विभाग से सेवानिवृत्त सीताराम के घर से चोर लाखों का माल समेट ले गए थे। अधिकारी भी हर बार जल्द खुलासा होने का दावा कर देते हैं लेकिन ऐसा कुछ होता नहीं है। चोरी की वारदात बढ़ने से पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगने लगा है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button